अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष: कोटा में 2 अक्टूबर को भव्य हिंदू समागम, जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 21 सितंबर। विश्व हिंदू परिषद (चित्तौड़ प्रांत) की ओर से आगामी 2 अक्टूबर को कोटा स्थित दशहरा मैदान के श्री राम रंगमंच पर एक भव्य हिंदू समागम का आयोजन किया जा रहा है। यह समागम विहिप के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के मुख्य शिल्पकार स्वर्गीय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम को लेकर कोटा महानगर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहरभर में बैनर-पोस्टर लगाकर आमजन को आमंत्रित किया जा रहा है। विहिप के प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा ने जानकारी दी कि यह हिंदू समागम 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन होंगे, जो हिंदू समाज के समक्ष वर्तमान चुनौतियों, सामाजिक समरसता, धर्मांतरण, लव जिहाद और राष्ट्र रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त करेंगे।

विहिप कोटा महानगर अध्यक्ष श्रीनाथ मित्तल एवं महानगर मंत्री आशीष शर्मा ने बताया कि समागम में कोटा संभाग के सभी जिलों से कार्यकर्ता, साधु-संत, प्रबुद्धजन और मातृशक्ति बड़ी संख्या में भाग लेंगे। विहिप के सह प्रचार प्रमुख सुनील पोकरा के अनुसार, युवाओं और महिलाओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष टोलियां बनाकर प्रखंड व बस्ती स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

संगठन पदाधिकारियों (विभाग मंत्री नंदलाल प्रजापत, उपाध्यक्ष सुरेश मीणा एवं प्रचार प्रमुख रामबाबू मालव) ने बताया कि 27 सितंबर 1926 को जन्मे अशोक सिंघल की स्मृति में 2026-27 को जन्म शताब्दी वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस समागम का मुख्य उद्देश्य अशोक जी के जीवन दर्शन और हिंदू समाज को संगठित करने की उनकी विचारधारा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। विहिप ने कोटा के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!