Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 21 अगस्त। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि: दिनांक 20.08.2026 को रामगंजमंडी थाना पुलिस ने प्रकरण संख्या 310/2026 धारा 115(2), 126(2), 352, 103(1), 140(3), 3(5) बीएनएस में दुर्गेश उर्फ दुर्गलाल की हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी पवन मेघवाल व राजेश उर्फ राजू केवट को बाइज्जत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
घटना का विवरण:
दिनांक 12.08.2026 को पुलिस थाना रामगंजमंडी पर फरियादी श्री प्रेमचन्द्र पुत्र फूलचन्द ने लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 09.08.2026 को शाम करीब 9:15 बजे वह, बनवारी और उसका बड़ा भाई दुर्गलाल (मृतक) मोटरसाइकिल से नीतिन शर्मा की फैक्ट्री गए थे। वहाँ फैक्ट्री में भोला से पैसे मांगने पर पैसे नहीं दिए, जिसके बाद वे तीनों अमरपुरा चौराहा शराब की दुकान पर पहुँचे और शराब पी। वहाँ किसी अन्य व्यक्ति से कहासुनी हो गई। इसके बाद जब वे तीनों पारसा माता चौराहा रोड की तरफ आ रहे थे, तो प्रहलाद बैसला रामगंजमंडी की फैक्ट्री के सामने उसी व्यक्ति ने मोटरसाइकिल आड़े रोककर गाली-गलौज की और अन्य आदमियों को बुला लिया। मारपीट के दौरान दुर्गेश और फरियादी जंगल की तरफ भागे और बिछड़ गए। बाद में खोजबीन करने पर अमरपुरा चौराहा से कुम्भकोट के चौराहा जाने वाली सड़क पर खाल के पास दुर्गलाल अचेत अवस्था में मिला, जिसके दोनों हाथों और पैरों में गंभीर चोटें थीं तथा दाहिना पैर टूटा हुआ था। राहगीर की मदद से उसे रामगंजमंडी अस्पताल और फिर झालावाड़ हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान दिनांक 13.08.2026 को सुबह करीब 06:30 बजे उसकी मृत्यु हो गई। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर मर्ग को हत्या की धारा 103(1) बीएनएस में तब्दील किया गया।
कार्यवाही का विवरण:
पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन, पुलिस उप अधीक्षक वृत्त रामगंजमंडी ओमप्रकाश विश्नोई के निकटतम सुपरविजन एवं थानाधिकारी रामगंजमंडी संदीप कुमार शर्मा व भूपेन्द्र सिंह स.उ.नि. साइबर सैल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल का तकनीकी डाटा (बीटीएस डाटा) लिया गया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिर तंत्र मामूर किए गए। तकनीकी और मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचना के आधार पर पाँच संदिग्धों (पवन मेघवाल, शुभम केवट, राजेश उर्फ राजू, अजय केवट और अक्षय उर्फ कालू) को चिन्हित किया गया, जो पोस्टमार्टम की खबर सुनकर अपने मोबाइल बंद कर फरार हो गए थे।
इनामी की घोषणा:
पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में बंधक बनाकर जानलेवा हमले की वारदात में फरार चल रहे वांछित आरोपी राजू केवट की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये नकद इनाम की घोषणा की गई थी।
अभियुक्तगण की गिरफ्तारी:
गठित विशेष टीमों द्वारा लगातार तलाश एवं विश्लेषण के बाद, मुखबिर तंत्र से सूचना मिली कि आरोपी पवन मेघवाल अपने दोस्त राजू केवट के साथ दिल्ली में अपनी प्रेमिका के पास जा सकता है। उत्तर प्रदेश पुलिस (ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्धनगर) की सहायता से थाना सुरजपुर क्षेत्र से संदिग्ध आरोपी पवन मेघवाल व राजेश उर्फ राजू केवट को पुरानी शिव मंदिर की गली लक्ष्मी क्लिनिक के पास से डिटेन किया गया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
शेष फरार अभियुक्त:
- शुभम केवट पुत्र देवीलाल केवट निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामगंजमंडी।
- अजय पुत्र देवीलाल केवट निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामगंजमंडी।
- अक्षय उर्फ कालू पुत्र रामनारायण मेघवाल निवासी ओसाव झालावाड़ हाल इण्डस्ट्रीज एरिया कुदायला।
गिरफ्तार अभियुक्त: - पवन मेघवाल पुत्र देवीलाल मेघवाल निवासी कुदायला हाल कोटा स्टोन फेक्ट्री अमरपुरा थाना रामगंजमंडी जिला कोटा।
- राजेश उर्फ राजू पुत्र देवीलाल केवट निवासी नेहरावद थाना भवानीमंडी जिला कोटा हाल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामगंजमंडी।
