सीबीएसई वेस्ट ज़ोन स्केटिंग प्रतियोगिता में कोटा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 20 अगस्त।
जयपुर में आयोजित ​सीबीएसई वेस्ट ज़ोन स्केटिंग प्रतियोगिता में कोटा के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और अनुशासन के बल पर शानदार सफलता हासिल करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। कोच मोहसिन खान ने बताया कि प्रतियोगिता के 1000 मीटर रिंक रेस (अंडर-17 वर्ग) में कोटा के उभरते स्केटर प्रितीश अग्रवाल ने अपनी बेहतरीन गति और तकनीकी कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस स्वर्ण पदक की बदौलत प्रितीश ने कर्नाटक में आयोजित होने वाली आगामी राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। इसके अलावा, अन्य आयु वर्गों में भी कोटा के बाल खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी। अंडर-9 वर्ग की 1000 मीटर रेस में रेहान ने कांस्य पदक जीता। वहीं बालिकाओं के अंडर-11 वर्ग की 1000 मीटर रेस में देवास्मिता प्रधान ने शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

इस वृहद स्तरीय प्रतियोगिता में गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दादरा व नगर हवेली के लगभग 3,500 बाल खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कोटा के खिलाड़ियों के इस अभूतपूर्व प्रदर्शन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ​स्केट इंडिया क्लब के कोच मोहसिन खान (राजू सर) ने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए बताया कि ये सभी होनहार बच्चे अब आगामी नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेकर राज्य और शहर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि पर कोटा रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जॉन्टी नायक ने सभी विजेता छात्रों को उनकी मेहनत और सफलता के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतेंगे और क्षेत्र का मान बढ़ाएंगे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!