मुख्यमंत्री ने कोटा में कार्यकर्ताओं को दिया पंचायत चुनाव का मंत्र, बोले—अब पंचायतों में भी जुड़ेगा भाजपा का तीसरा इंजन

Written by : Sanjay kumar

कोटा, 29 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कोटा प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है। हाल ही में राजस्थान में हुए शहरी निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत देकर अपना आशीर्वाद दिया है। अब आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटें।

ढाई साल में संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत कार्य पूरे

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने जनता के सामने जो संकल्प पत्र रखा था, उसके 78 प्रतिशत कार्य सरकार ने ढाई वर्ष के कार्यकाल में ही पूरे कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल बातें करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि काम करके दिखाने में विश्वास रखती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। दशकों से लंबित कई कार्यों को केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से पूरा किया गया है। राजस्थान के जल संकट के समाधान की दिशा में हुए अंतरराज्यीय जल समझौतों को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ से संसाधनों की बचत

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में निकाय और पंचायत चुनावों की प्रक्रिया लंबे समय तक चलती रहती थी, जिससे सरकारी संसाधनों और जनता पर अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ता था। उनकी सरकार ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में काम किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में समान विचारधारा की सरकार होने तथा स्थानीय स्तर पर मजबूत नेतृत्व मिलने से विकास कार्यों को गति मिलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने के लिए अब निकायों के बाद पंचायतों में भी भाजपा का मजबूत नेतृत्व आवश्यक है, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंच सके।

कार्यकर्ता सम्मेलन में दिखा उत्साह

नया नोहरा स्थित एलन सुपथ, कोरल पार्क के सुहास सभागार में भाजपा कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा के कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।

भाजपा कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहा उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण यह विश्वास दिलाता है कि भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों को लेकर कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी शक्ति से जुटेंगे।

पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत का दावा

भाजपा कोटा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण हालिया निकाय चुनावों में भाजपा को जनता का समर्थन मिला है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों में भी भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन मिलने का विश्वास जताया।

51 किलो के पुष्पहार से मुख्यमंत्री का स्वागत

कोटा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। भाजपा कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, कोटा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर और बूंदी जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा सहित मंचस्थ जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को साफा, शॉल, पुष्पगुच्छ और 51 किलो के पुष्पहार से सम्मानित किया।

कोटा एयरपोर्ट पर भी भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का पार्टी दुपट्टा पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

निकाय चुनाव की जीत पर मुख्यमंत्री का आभार

भाजपा कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और सरकार की नीतियों से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने हाल ही में हुए कोटा नगर निगम चुनावों में भाजपा की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 सदस्यीय सदन में भाजपा के 57 पार्षद निर्वाचित हुए, जबकि दो पार्षदों का समर्थन भी भाजपा को प्राप्त हुआ। महापौर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी अनुसूईया गोस्वामी को 65 मत मिले, जबकि उपमहापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी विवेक राजवंशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।

जैन ने कहा कि नवनिर्माणाधीन भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार प्रदर्शन किया गया। महापौर अनुसूईया गोस्वामी और उपमहापौर विवेक राजवंशी की मौजूदगी में नवनिर्वाचित पार्षदों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाय चुनाव में मिली सफलता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, महापौर अनुसूईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी और मौजूद रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!