उम्मेद क्लब पर 20 करोड़ का बाग हड़पने का आरोप, एडवोकेट इंद्र मोहन सिंह हनी ने कलेक्टर-एसपी से की शिकायत,

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 28 सितंबर। शहर के बीचों-बीच स्थित हेरिटेज सरकारी जमीन पर बड़े कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वरिष्ठ भाजपा नेता और हाईकोर्ट के एडवोकेट इंद्र मोहन सिंह हनी ने उमेद क्लब प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्लब ने 40 फीट सरकारी रोड और 20 करोड़ कीमत का बैंड स्टैंड गार्डन कब्जा लिया है।
हनी ने मौके पर मीडिया को गूगल अर्थ के नक्शे और लीज डीड दिखाते हुए बताया कि यह पूरी जमीन सामान्य प्रशासन विभाग की है, जिसकी बाजार कीमत 200 से 300 करोड़ रुपए है। उमेद क्लब इसे मात्र 100 रुपए सालाना किराए पर लेकर रोजाना डेढ़ से दो लाख रुपए में आगे किराए पर दे रहा है।

एंटी करप्शन जांच में दोषी, फिर भी 1.03 करोड़ की पेनल्टी नहीं भरी
हनी ने बताया कि पूर्व में सरकार द्वारा भेजी गई जांच टीम और एंटी करप्शन जांच में भी उमेद क्लब गलत पाया गया था। उस पर 1 करोड़ 3 लाख की पेनल्टी लगी थी, जो आज तक जमा नहीं कराई गई। लीज डीड में सिर्फ सामाजिक गतिविधियों की अनुमति है, जबकि वहां शराब परोसी जा रही है।

कलेक्टर- KDA पर चुप्पी का आरोप
भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने कलेक्टर, संभागीय आयुक्त, KDA, UIT और SP को सबूतों सहित शिकायत दी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर कार्यालय की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवा कलेक्टर के होते हुए भी सरकारी जमीन पर कब्जा हो रहा है, यह कोटा प्रशासन पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है।
हनी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द जमीन खाली नहीं कराई तो वे भ्रष्टाचार निरोधक कोर्ट और हाईकोर्ट में PIL दायर करेंगे।
मुख्यमंत्री से मिलकर इसकी शिकायत करेंगे। जिला प्रशासन की और जो भी प्रभारी मंत्री और प्रभारी सचिव आएंगे उसकी मीटिंग में जाकर के जिला कलेक्टर से सवाल भी करेंगे।
क्योंकि दिन दहाड़े प्रशासन और आम जनता की आंखों के सामने उम्मेद क्लब चलाने वालों ने जमीन और आम रास्ते की सड़क दबाई है। सड़क 70 साल पुरानी है और सार्वजनिक निर्माण विभाग की सड़क को खोला जाना चाहिए। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। इन्होंने सड़क के साथ ही बैंड़ स्टैंड एवं गार्डन की जमीन को भी कब्जा लिया है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!