Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 28 सितंबर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित खेल एवं जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जिला पुलिस कोटा ग्रामीण की ओर से 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ एवं वॉलीबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ आमजन को स्वस्थ एवं नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

पुलिस अधीक्षक जिला कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर, IPS के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कल्याण मीणा के सुपरविजन में आयोजित कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने निर्धारित 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ पूरी की और इसके बाद वॉलीबॉल खेल में भी सहभागिता की।
मैराथन के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ दौड़ में हिस्सा लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को खेलकूद तथा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला पुलिस कोटा ग्रामीण की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। पुलिस विभाग ने खेलों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही और 5 किलोमीटर मैराथन तथा वॉलीबॉल आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
