जयपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन, देशभर से 400 से अधिक उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल

Written by : प्रमुख संवाद

जयपुर, 29 सितंबर। राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री हॉल, न्यू गेट, एम.आई. रोड, जयपुर में कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) की ओर से ‘उपभोक्ता सलाहकारों एवं कार्यकर्ताओं की विश्वसनीयता, प्रमाणन एवं मान्यता का महत्त्व’ विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में देशभर से 400 से अधिक उपभोक्ता संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि सीसीआई के नेशनल चेयरमैन एवं ‘कंज्यूमर मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध डॉ. अनंत शर्मा ने कहा कि देश में उपभोक्ता संरक्षण कानून लागू हुए चार दशक का समय बीत चुका है, लेकिन आज भी इसका पूरा लाभ प्रत्येक उपभोक्ता तक नहीं पहुंच पाया है। ऐसे में उपभोक्ता संरक्षण अभियान की व्यापक समीक्षा कर इसे नए सिरे से मजबूत करने की आवश्यकता है।

डॉ. शर्मा ने हाल ही में पूरी की गई अपनी करीब 21 हजार किलोमीटर लंबी उपभोक्ता जागरूकता यात्रा के अनुभव साझा करते हुए कहा कि गरीब, पिछड़े और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को शोषण से मुक्त कराने के लिए ठोस प्रयास किए जाने जरूरी हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं के हित में नए आयाम और प्रभावी नियम विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

उन्होंने उपभोक्ता जागरूक भारत यात्रा की तर्ज पर भविष्य में ‘उपभोक्ता विश्व यात्रा’ आयोजित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किए जाने की बात कही, ताकि उपभोक्ता अधिकारों और संरक्षण से जुड़े विषयों को व्यापक स्तर पर सामने लाया जा सके।

सम्मेलन की अध्यक्षता सीसीआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीति प्रमोदराय पांड्या ने की। उन्होंने संगठन की पिछले 25 वर्षों की गतिविधियों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केवल उपभोक्ताओं को जागरूक करना पर्याप्त नहीं है। उनकी शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध समाधान के लिए मजबूत तंत्र विकसित करना भी जरूरी है।

राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं सीईओ एम. सेल्वराज ने दक्षिणी राज्यों में उपभोक्ताओं के सामने आ रही समस्याओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने उपभोक्ता आयोगों की मौजूदा व्यवस्था में सुधार तथा उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के संबंध में सुझाव भी रखे।

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का निर्वाचन

राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान सीसीआई की नेशनल गवर्निंग काउंसिल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के विस्तार एवं पदाधिकारियों के निर्वाचन को लेकर मतदान हुआ। इसमें एम. सेल्वराज को राष्ट्रीय अध्यक्ष, भूप सिंह पाल (उत्तर प्रदेश) को राष्ट्रीय वर्किंग प्रेसिडेंट तथा हरि बाबू (आंध्र प्रदेश) को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष ज्योति एडवोकेट के नेतृत्व में राजस्थान की टीम ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उपभोक्ता संरक्षण की वर्तमान स्थिति पर हुई चर्चा

सम्मेलन के दौरान ‘भारत में उपभोक्ता संरक्षण की वर्तमान स्थिति’, ‘भारतीय उपभोक्ता आंदोलन के लिए भविष्य की रूपरेखा’ तथा ‘विश्वसनीयता, प्रमाणन और प्रत्यायन की आवश्यकता’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने उपभोक्ता सलाहकारों एवं कार्यकर्ताओं की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए प्रमाणन और मान्यता की आवश्यकता पर विचार रखे।

इस अवसर पर सीसीआई के नेशनल डायरेक्टर कैलाश कुमावत, रमेश ओझा, मुकेश वैष्णव, बिजेंदर सिंह, अशोक झांझरी सहित अनेक उपभोक्ता आंदोलनकारी, सदस्य एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!