दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन कोटा रीजन की सदस्य कार्यकारणी ने ली शपथ

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 21 अप्रैल। दिगम्बर जैन समाज के प्रतिष्ठित संगठन ‘दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन कोटा रीजन’ की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को बघेरवाल मांगलिक भवन, झालावाड़ रोड पर गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष अनिल ठोरा, सचिव पीयूष जैन सहित 43 सदस्यीय जम्बो कार्यकारिणी ने पद की शपथ ली और विधिवत रूप से कार्यभार संभाला।
समारोह के मुख्य अतिथि, फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेन्द्र कांसल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा, “फेडरेशन सेवा, संस्कार और संस्कृति के मूल्यों पर आधारित संस्था है, और कोटा रीजन हमेशा नवाचार, समर्पण और नेतृत्व के लिए जाना जाता रहा है।” उन्होंने नई कार्यकारिणी को सामाजिक सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं और पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं की भागीदारी पर विशेष बल दिया। उन्होने कोटा रीजन से मोक्षरथ की मांग की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में अनिल ठोरा ने दिगम्बर सोशल ग्रुप से जुड़े अपने 30 वर्षों का अनुभव साझा किया। उन्होंने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा, “एक माह के भीतर फेडरेशन कोटा की जनता के लिए मोक्षरथ की व्यवस्था करेगी।” इस हेतु सभा में रीजन के विभिन्न ग्रुपों ने आर्थिक सहयोग के लिए तत्परता दिखाई। उन्होंने बताया कि ग्रुप वर्द्धमान व रॉयल द्वारा मेडिकल उपकरण सहायता के लिए विशेष कार्य किए जाते हैं। कोरोना काल में ग्रुप द्वारा ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर सहित अनेक उपकरणों को निःशुल्क वितरित कर अनेक लोगों की जीवनरक्षा की गई थी। उन्होंने अपना संकल्प व्यक्त करते हुए कहा, “मेरा प्रयास कोटा रीजन को आदर्श रीजन बनाना है।”

समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सम्मान
इस अवसर पर सकल दिगम्बर जैन समाज के नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रकाश बज, महामंत्री पदम बदला एवं कोषाध्यक्ष जितेन्द्र हरसौरा का फेडरेशन कोटा रीजन की ओर से पुष्पमाला, साफा व गुरुदेव का चित्र भेंट कर विशेष सम्मान किया गया।
समारोह के शपथ ग्रहण अधिकारी निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विनायका ने पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और पद की जिम्मेदारी व शपथ की महत्ता पर प्रकाश डाला। प्रेम बजाज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और जैनत्व की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
चित्र अनावरण बाबूलाल जैन द्वारा तथा दीप प्रज्वलन लोकेश जैन सीसवाली द्वारा किया गया। अनिल-सुनीता ठोरा ने अध्यक्ष, हेमन्त-रूपा पाटोदी ने कोषाध्यक्ष और पीयूष-पिंकी जैन ने सचिव पद की शपथ ली, साथ ही पूरी कार्यकारिणी ने भी अपने दायित्वों की शपथ ग्रहण की।

फेडरेशन से जुड़े ग्रुपों की सक्रिय भागीदारी
इस अवसर पर फेडरेशन से जुड़े 16 ग्रुपों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नए ग्रुप ‘सार्थक’ के अध्यक्ष अनिकेत सबदरा एवं कार्यकारिणी एवं ‘आदिनाथ कैथून’ के अध्यक्ष सुनील जैन एवं पदाधिकारियों को राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष सुरेश चांदवाड़ ने शपथ दिलवाई।
कार्यक्रम में कई राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं समाजसेवी विशिष्ट अतिथियों के रूप में उपस्थित रहे, जिनमें राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अश्विन कासलीवाल, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष सुरेश चांदवाड़, पूर्व रीजन अध्यक्ष अनुराग सेठी, समाजसेवी प्रकाश ठौरा राजेंद्र जैन एसबीबीजे अशोक सांवला, आशीष जैसवाल एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश हरसौरा प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम के संयोजक जीवनधर सोगानी और नवीन जैन दोराया ने बताया कि समारोह में ‘प्रकृति से प्यार करो, जीवन संवारो’ तथा ‘पेड़ लगाओ, धरती बचाओ’ जैसे पर्यावरणीय अभियानों की जानकारी भी साझा की गई।
सचिव पीयूष जैन ने अंत में आभार प्रकट किया और बताया कि फेडरेशन पिछले 30 वर्षों से देशभर में सेवा, संस्कार और संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। वर्तमान में इसके साथ 300 से अधिक ग्रुप सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। पूर्व रीजन अध्यक्ष अनुराग सेठी ने गत वर्ष के कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया और पिन लगाकर नई कार्यकारिणी का स्वागत किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पी.के. हरसौरा द्वारा किया गया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!