मुख्यमंत्री का रोड शो – गहलोत सवालों के बजाय अपने कार्यकाल का जवाब दें: भजनलाल शर्मा

Written by : Sanjay kumar

कोटा, 08 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को राजनीति से प्रेरित आरोप लगाने और सवाल उठाने के बजाय अपने शासनकाल में हुए पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए और जेजेएम घोटाले से जुड़े मंत्री एवं अधिकारी आज जेल में हैं।

पेपर लीक से युवाओं के भविष्य के साथ हुआ खिलवाड़

कोटा में आयोजित जनसभा एवं रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने संकल्प पत्र में चार लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था, तब कांग्रेस नेताओं ने इसका मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कई भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे प्रदेश के युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने का काम कर रही है और कांग्रेस नेता केवल आंकड़े गिनने में लगे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस नेताओं की गणित कमजोर है तो भाजपा उन्हें ट्यूशन देने के लिए तैयार है।

ढाई वर्ष में 78 प्रतिशत संकल्प पूरे करने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश की जनता को विकास के बजाय भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। चुनाव के समय जिन योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर कांग्रेस जनता से वोट मांगती थी, उन पर वर्षों तक अपेक्षित काम नहीं हुआ। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत कार्य ढाई वर्ष में ही पूरे कर दिए हैं।

बिजली और जल परियोजनाओं पर तेजी से काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजस्थान बिजली की कमी से जूझता रहा, जबकि भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम किया। इसका परिणाम है कि राजस्थान अब बिजली खरीदने के बजाय अन्य राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित जल परियोजनाओं को भी वर्तमान सरकार धरातल पर उतारने का काम कर रही है।

एक-एक नगर निगम और ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक तुष्टिकरण के कारण जयपुर, जोधपुर और कोटा में नगर निगमों का विभाजन किया, जिसका प्रतिकूल प्रभाव प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों पर पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तीनों शहरों में फिर से एक-एक नगर निगम बनाने की दिशा में काम किया है। साथ ही ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की अवधारणा को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।

कोटा-हाड़ौती के विकास में तेजी का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा और हाड़ौती के विकास के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला लगातार प्रयासरत हैं। कोटा में एयरपोर्ट की लंबे समय से चली आ रही मांग अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सड़क, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में भी तेजी आई है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में समान विचारधारा की सरकार होने तथा क्षेत्र को मजबूत नेतृत्व मिलने से विकास कार्यों को गति मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के साथ निकायों और पंचायतों में भी भाजपा का तीसरा इंजन जुड़ना जरूरी है, ताकि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंचाया जा सके।

भाजपा नेताओं ने निकाय चुनाव में समर्थन की अपील की

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा एवं लाडपुरा विधायक कल्पना देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने जनता से निकाय चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की अपील की।

जिलाध्यक्ष जैन ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से ऐतिहासिक कैथूनीपोल क्षेत्र में मथुराधीश जी कॉरिडोर का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। नई लिंक रोड सहित अनेक विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि कोटा की ऐसी कोई गली, सड़क या पार्क नहीं है, जहां विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहा हो। कोटा राजस्थान के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।

जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोटा की धरती से कोटा एयरपोर्ट का सपना पूरा करने का संकल्प व्यक्त किया था और अब यह सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप कोटा का विकास करना है। लक्ष्य है कि कोटा स्वच्छ, सुंदर, स्मार्ट और हरियाली से भरपूर शहर बने।

रोड शो में जगह-जगह हुआ मुख्यमंत्री का स्वागत

जैन ने बताया कि रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री को कमल का फूल भेंट किया गया तथा माला, साफा, शॉल और 51 किलो के पुष्पहार से स्वागत किया गया। पूरे रोड शो मार्ग पर व्यापारियों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और आमजन ने पुष्पवर्षा कर तथा माला पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। बैंड पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों के बीच पूरे मार्ग पर भाजपा के समर्थन में उत्साहपूर्ण वातावरण नजर आया। वेद महाविद्यालय के बटुकों ने मंत्रोच्चारण के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

जयपुर गोल्डन के पास रोड शो का समापन हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से जयपुर के लिए रवाना हुए।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर, प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, प्रदेश सहकोषाध्यक्ष श्याम अग्रवाल, कोटा संभाग प्रभारी अल्का मूंदड़ा, कोटा संभाग चुनाव सहप्रभारी अजीत मेहता, पूर्व सांसद एवं चुनाव पर्यवेक्षक रंजीता कोली, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य गोविंद शर्मा, कोटा सहप्रभारी स्नेहा कंबोज मंचस्थ रहे। जिला महामंत्री रितेश चित्तौड़ा ने मंच संचालन किया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!