दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कोटा में कांग्रेस का पैदल मार्च, कार्यकर्ताओं ने दी सामूहिक गिरफ्तारी

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 23 जुलाई। दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम के नेतृत्व में आईनॉक्स सिनेमा (महावीर नगर रोड) से जवाहर नगर थाना तक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। मार्च के समापन पर राखी गौतम सहित कांग्रेस के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक गिरफ्तारी देकर अपना विरोध दर्ज कराया।

विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और आमजन शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर “छात्रों पर अत्याचार बंद करो”, “शिक्षा बचाओ, देश बचाओ” जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ अन्याय और शिक्षा व्यवस्था में लगातार बढ़ती अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस पूरे देश में आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है और अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने यह भी कहा कि कोटा देश की शिक्षा नगरी है, जहां हर वर्ष लाखों विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आते हैं, इसलिए छात्रों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।

राखी गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों को न्याय दिलाने के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा जवाबदेही तय होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों की सुरक्षा व अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी ने बताया कि सामूहिक गिरफ्तारी देने वालों में पूर्व विधायक पूनम गोयल, पूर्व शहर अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, डॉ. जफर मोहम्मद, शिवकांत नंदवाना, अनूप ठाकुर, पवन मीणा, अनुराग गौतम, श्याम गौतम, हरपाल राणा, राधेश्याम वर्मा, प्रमोद त्रिपाठी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में कोटा दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों, पार्षदों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, छात्र संगठनों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों की भागीदारी रही।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!