स्टोन शिपर्स श्रमिकों के आंदोलन का 21वां दिन: विधायक संदीप शर्मा ने दिया समर्थन, मांगें न मानने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 27 जुलाई। स्टोन शिपर्स कर्मचारी संघ के श्रमिकों का अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर 6 जुलाई से जारी धरना एवं क्रमिक अनशन सोमवार को 21वें दिन भी लगातार जारी रहा। आंदोलन को उस समय नया बल मिला जब कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत श्रमिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

विधायक संदीप शर्मा ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि उनके न्यायोचित अधिकारों की लड़ाई में वे पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों एवं प्रबंधन से शीघ्र वार्ता कर सकारात्मक पहल की जाएगी, ताकि लंबे समय से जारी गतिरोध समाप्त हो सके।

भारतीय मजदूर संघ, जिला कोटा के जिला मंत्री रवि गौतम ने बताया कि विधायक के आगमन के दौरान भारतीय मजदूर संघ से जुड़े विभिन्न कर्मचारी संगठनों एवं इकाइयों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में धरना स्थल पर मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आंदोलनरत श्रमिकों का समर्थन व्यक्त किया और कहा कि श्रमिकों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। भारतीय मजदूर संघ हमेशा श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।

धरना स्थल पर भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी अवधेश मिश्रा, राजेन्द्र शर्मा एवं बृजेश कांत शर्मा, प्रसारण विभाग से योगेन्द्र सिंह हाड़ा, अमित शर्मा एवं रामकुमार मामा, विद्युत वितरण से भारत राम सैनी एवं रविन्द्र मालव तथा स्टोन शिपर्स कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नाथूलाल गोस्वामी एवं महामंत्री राजेश पाराशर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संभाग संगठन मंत्री पी.के. खरे ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ श्रमिकों के न्यायोचित अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।

धरना स्थल पर उपस्थित सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रबंधन से सकारात्मक वार्ता कर श्रमिकों की मांगों का शीघ्र समाधान निकालने की अपील की। उनका कहना था कि न्यायपूर्ण निर्णय से न केवल श्रमिकों को उनका अधिकार मिलेगा, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण भी कायम रहेगा।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!