Written by : प्रमुख संवाद
कोटा:18 अगस्त।
शहरवासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिल गई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत कोटा में शुरू हुई गुलाबी रंग की आधुनिक ई-बसों को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से वर्चुअल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्थानीय स्तर पर आयोजित समारोह में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन, जिला कलक्टर एवं कोटा बस सर्विस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक पीयूष समारिया तथा नगर निगम आयुक्त एवं कोटा बस सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओम प्रकाश मेहरा ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर शहर के मार्गों पर उतारा। आकर्षक गुलाबी रंग में सजी इन बसों को देखने के लिए सड़कों पर लोगों की भीड़ जुट गई और शहरवासियों में इनमें सफर करने को लेकर काफी उत्सुकता नजर आई।

कम किराया और प्रदूषणमुक्त सफर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि ये बसें कम किराए में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और पूरी तरह प्रदूषण-मुक्त सफर उपलब्ध कराएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य देश में कार्बन उत्सर्जन को न्यूनतम स्तर पर लाना है, और इस दिशा में यह ई-बस संचालन शहर के पर्यावरण संरक्षण में एक मील का पत्थर साबित होगा।
शहर के 20 रूटों पर होगा संचालन
कोटा बस सर्विस लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एवं जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि कोटा को कुल 100 पीएम ई-बसें आवंटित की गई हैं, जिनमें से 48 बसें कोटा पहुंच चुकी हैं। जिन बसों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका संचालन मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। शेष 52 बसें भी जल्द आएंगी और रजिस्ट्रेशन पूरा होने पर उन्हें भी सेवा में शामिल किया जाएगा। सभी 100 बसों के आने के बाद शहर के करीब 20 रूटों पर यह नेटवर्क उपलब्ध होगा, जिससे यात्रियों को हर 5 से 10 मिनट के अंतराल में बस की सुविधा मिल सकेगी।
सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं से लैस
मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने जानकारी दी कि इन ई-बसों में यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक बस में 7 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जो सेंट्रल कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। इसके साथ ही हर सीट के नीचे पैनिक बटन की सुविधा दी गई है, जिससे आपात स्थिति में तुरंत मदद मांगी जा सकती है।
विशेष वर्ग के लिए विशेष इंतजाम
बसों में गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीटें आरक्षित की गई हैं। इसके अलावा, दिव्यांग यात्रियों के लिए बस में हाइड्रोलिक लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है, जिससे व्हीलचेयर सहित यात्री आसानी से बस में प्रवेश कर सकें।

