Written by : प्रमुख संवाद
नगरीय निकाय चुनाव-2026: 27 अगस्त से नामांकन, 3 सितंबर तक नाम वापसी
कोटा, 21 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर पीयूष समारिया ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए जारी आदर्श आचार संहिता के संबंध में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 19 अगस्त को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले के संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगी।
27 अगस्त को अधिसूचना, 31 अगस्त तक नामांकन
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में नगरीय निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रथम चरण में 9 सितंबर तथा द्वितीय चरण में 11 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त रहेगी। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 3 सितंबर को शाम 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर 2026 को होगी।
21 सितंबर को नगर परिषद सभापति और नगरपालिका अध्यक्ष के चुनाव
पार्षदों के चुनाव एवं परिणाम घोषित होने के बाद नगर निकायों के अध्यक्षीय पदों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होगी। नगर परिषद के सभापति तथा नगरपालिका के अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर 2026 को मतदान होगा।
अध्यक्षीय पदों के लिए 15 सितंबर को लोक सूचना जारी की जाएगी। 16 सितंबर को नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि रहेगी। 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी तथा 18 सितंबर को शाम 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। अभ्यर्थिता वापसी का समय समाप्त होने के बाद इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।
22 सितंबर को उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन
नगर निकायों के उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर 2026 को होगा। इसके लिए सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी। सुबह 11 बजे नामांकन प्रस्तुत किए जाएंगे और 11.30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी।
आवश्यकता होने पर दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना होगी।
चुनाव प्रकोष्ठों की तैयारियों की जिला कलक्टर ने की समीक्षा
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर गठित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारियों की बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव एक समयबद्ध प्रक्रिया है। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के अनुसार पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की उदासीनता नहीं बरतते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान दलों एवं चुनाव से जुड़े अधिकारियों का प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होने से चुनाव प्रक्रिया भी सुचारू रूप से संपन्न होगी। उन्होंने मतदान केन्द्रों का समय पर भौतिक सत्यापन कराने तथा वहां आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन कर उसी के अनुरूप कार्य करने को कहा। उन्होंने विभिन्न प्रकोष्ठों में कार्मिकों की नियुक्ति, मतदान दलों के प्रशिक्षण, वाहनों की व्यवस्था, मतदान दलों के गठन, मतदान एवं मतगणना केन्द्रों पर व्यवस्थाओं सहित अन्य तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही ईवीएम के रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया भी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक
जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शहर तेजस्वनी गौतम, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुजीत शंकर सहित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी नगरीय निकाय चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों की पहचान करने तथा चुनाव के दौरान नशीले पदार्थों के परिवहन एवं उपयोग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही लाइसेंसी हथियार समय पर जमा करवाने के निर्देश भी दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक शहर तेजस्वनी गौतम ने पुलिस अधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार मल्होत्रा, एडीएम सीलिंग रवि वर्मा, केडीए सचिव मुकेश चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुभाष मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
