राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में खेल सप्ताह के तहत योग सत्र, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 27 अगस्त 2026: राजकीय कला कन्या महाविद्यालय, कोटा में आयोजित खेल सप्ताह के अंतर्गत योग सत्र एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर “योग एवं स्वास्थ्य” विषय पर विशेष व्याख्यान और सत्र आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक एकाग्रता और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत में खेल समिति की सदस्या डॉ. कविता मकाना और डॉ. बीनू कुमावत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए स्वस्थ तन और मन के लिए योग को बेहद आवश्यक बताया। इसके पश्चात, पतंजलि योगपीठ के योग प्रशिक्षक देवेंद्र सक्सेना ने छात्राओं को विभिन्न प्राणायाम एवं योगाभ्यास का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के वैचारिक और क्रियात्मक दोनों पक्षों पर प्रकाश डालते हुए जीवन में इसके सकारात्मक और दीर्घकालिक परिवर्तनों से छात्राओं को अवगत कराया।
योग सत्र के साथ-साथ आज के कार्यक्रम में ‘पारंपरिक खेलों का महत्व’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता तथा ‘पदक विजेता खिलाड़ी’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन सभी गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में खेल, योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से उनका जुड़ाव मजबूत करना रहा।
इस अवसर पर आयोजन प्रभारी डॉ. श्रुति अग्रवाल, संगीत विभाग की सहायक आचार्य निकिता मीणा तथा महाविद्यालय की खेल सहायक रेखा खरेडिया भी उपस्थित रहीं।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!