Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 28 अगस्त:
पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित अपराधियों, अवैध मादक पदार्थ, हथियार और गुंडा बदमाशों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। तेजस्विनी गौतम (IPS), पुलिस अधीक्षक कोटा शहर के निर्देशन तथा महेश कुमार, पुलिस निरीक्षक (थानाधिकारी, अनन्तपुरा) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अपहरण व हनी ट्रैप के मामले में लम्बे समय से फरार चल रही 5,000/- रुपये की इनामी अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का सनसनीखेज विवरण:
दिनांक 03.05.2026 को अनन्तपुरा थाने पर प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात लड़की ने मैसेंजर के जरिए संपर्क कर लोन दिलाने के बहाने उसे इंडियन पेट्रोल पंप पर बुलाया। कागजात दिखाने के बहाने वह फरियादी की स्विफ्ट कार में बैठ गई और झालावाड़ रोड की तरफ ले गई। रास्ते में उसके अन्य साथियों (अजय मीना, काजू गुर्जर, रईस गुर्जर, रूबीना व अन्य) ने दो मोटरसाइकिलों पर आकर कार को रुकवा लिया।
आरोपियों ने फरियादी के साथ मारपीट की, चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपी फरियादी को उसी की कार में अंता व बारां ले गए और आईसीआईसीआई व एचडीएफसी बैंक के एटीएम से जबरन 95,000 रुपये निकलवाकर हड़प लिए। इस संबंध में थाना अनन्तपुरा पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
कुशल सुरागरसी और गिरफ्तारी:
सुभाष मिश्रा (RPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा शहर एवं उदयसिंह मीना (RPS), वृत्ताधिकारी वृत्त-चतुर्थ के सुपरविजन में पुलिस टीम ने आसूचना का संकलन किया और मुखबिर खास मामुर किए। घटना के बाद से ही अभियुक्ता अपनी सकुन्नत से फरार चल रही थी, जिसकी सूचना देने पर 5,000 रुपये नकद इनाम की घोषणा की गई थी। आखिरकार पुलिस टीम ने दिनांक 27.08.2026 को अभियुक्ता चेतना उर्फ गुनगुन को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तारशुदा मुलजिमा से विस्तृत पूछताछ कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्ता का विवरण:
- नाम: चेतना उर्फ गुनगुन
- पिता का नाम: श्री हंसराज
- उम्र: 21 वर्ष
- निवासी: बसेडा मोहल्ला, कोटडी, थाना गुमानपुरा, जिला कोटा शहर
