Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 30 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, शक्ति सरोवर, कमला उद्यान, कुन्हाड़ी में पूर्व प्रशासिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी दादी प्रकाशमणि के पुण्य स्मृति दिवस एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

खिलाड़ियों का किया सम्मान
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। कोटा संभाग प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने अतिथियों का तिलक एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। समारोह में मात्र सात वर्ष की आयु में कराटे में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रियार्थ माहेश्वरी सहित आयरनमैन, बीसीसीआई कोच, बॉक्सिंग एवं क्रिकेट कोच, शूटर, हॉकी खिलाड़ी तथा विभिन्न खेलों में पदक जीतने वाली खेल प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
रक्तदान कर दिया सेवा का संदेश
रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने रक्तदाताओं को ‘रक्तवीर’ के रूप में सम्मानित करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने वाली महान सेवा है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं का सम्मान युवाओं को स्वस्थ जीवन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।
गणमान्य अतिथि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नारकोटिक्स विभाग के डिप्टी कमिश्नर नरेश बुंदेल, कोटा विश्वविद्यालय की हेड ऑफ डिपार्टमेंट टूरिज्म अनुकृति शर्मा, डॉ. प्रियंक जैन, बीसीसीआई कोच कुनाल सिंह लोढ़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों, खिलाड़ियों एवं रक्तदाताओं को ईश्वरीय प्रसाद वितरित किया गया।
