Written by : Sanjay kumar
जयपुर, 30 अगस्त। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा और कांग्रेस में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। भाजपा उम्मीदवारों की सूची को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि रविवार को सभी नामों पर अंतिम निर्णय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज सभी को इसकी जानकारी दे दी जाएगी और रात तक प्रत्याशियों को आवेदन फॉर्म उपलब्ध हो जाएंगे।
सोमवार को नामांकन की अंतिम तारीख
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि प्रत्याशी सोमवार सुबह रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय पहुंच सकेंगे और रिटर्निंग अधिकारी को उनका नामांकन पत्र लेना होगा। ऐसे में भाजपा की ओर से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा को लेकर कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों की नजर पार्टी के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई है।
सक्रिय कार्यकर्ता और जनसमर्थन प्रमुख आधार
प्रत्याशियों के चयन के आधार पर मंत्री खर्रा ने कहा कि पार्टी ऐसे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी जो लंबे समय से अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं और जिन्हें आम मतदाताओं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार चयन में क्षेत्र में कार्यकर्ता की सक्रियता और जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता महत्वपूर्ण आधार होंगे। पार्टी के लिए हर कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है।
नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने का भरोसा
टिकट नहीं मिलने पर कार्यकर्ताओं की नाराजगी के सवाल पर झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि जो भी कार्यकर्ता नाराज होंगे, उन्हें समझाकर और बातचीत के माध्यम से साथ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में सभी का महत्व है और सभी को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी है।
32 महीने के कार्यकाल को बताया उपलब्धि
मंत्री खर्रा ने भाजपा सरकार के 32 महीने के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने पारदर्शिता के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और धोखाधड़ी के माध्यम से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सरकार की उपलब्धियों को आधार बनाकर पार्टी निकाय चुनाव में जनता के बीच जाएगी।
करीब दो लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा
खर्रा ने कहा कि सरकार के 32 महीनों के कार्यकाल में पारदर्शिता के साथ बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित कराई गईं और करीब दो लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं, किसानों और मजदूरों के हित में भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इन्हीं कार्यों के आधार पर उन्होंने युवाओं और आमजन के सरकार से संतुष्ट होने का दावा किया।
309 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव
राजस्थान में इस बार कुल 309 नगरीय निकायों में चुनाव कराए जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 9 सितंबर और दूसरे चरण का मतदान 11 सितंबर को होगा। इसके बाद 14 सितंबर को मतगणना कराई जाएगी।
21 सितंबर को अध्यक्ष और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष का चुनाव
निकाय चुनाव के बाद अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को चुनाव होगा और इसी दिन मतदान के बाद मतगणना भी पूरी की जाएगी। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर को बैठक आयोजित की जाएगी। चुनाव कार्यक्रम के साथ संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता भी लागू है।
