Written by : Sanjay kumar
कोटा, 2 सितम्बर। राजस्थान के टेंट व्यवसायियों का प्रतिष्ठित 16वां प्रांतीय महाअधिवेशन लगभग 24 वर्षों के लंबे अंतराल के पश्चात पुनः शिक्षा नगरी कोटा में आयोजित होने जा रहा है, जो कोटा के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। कोटा के दशहरा मैदान स्थित सी.ए.डी. सर्किल में 6 से 8 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन में कोटा टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति एवं कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 12 से 15 हजार से अधिक टेंट, डेकोर, इवेंट एवं वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े व्यवसायियों के शामिल होने की पूरी संभावना है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति के प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी शर्मा ने बताया कि इतने बड़े स्तर के आयोजन से कोटा की स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, बाजार और पर्यटन व्यवसाय को भी व्यापक स्तर पर लाभ पहुंचेगा। इस महाकुंभ से हाड़ौती क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी और भविष्य में कोटा को ‘डेस्टिनेशन वेडिंग हब’ के रूप में विकसित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
टेंट से लेकर वेडिंग इंडस्ट्री तक की संपूर्ण श्रृंखला का मंच
कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान (कोटा डिवीजन) के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने जानकारी दी कि यह महाअधिवेशन केवल टेंट व्यवसायियों का साधारण सम्मेलन नहीं है, बल्कि यह पूरी इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री को एक ही मंच पर लाने वाला एक विशाल आयोजन है। एक्सपो में टेंट, डेकोरेशन, लाइटिंग, कैटरिंग, फर्नीचर, होटल, हैंडीक्राफ्ट, साउंड, जनरेटर, आर्टिफिशियल फ्लावर, क्रॉकरी और वेडिंग प्लानर सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी प्रतिष्ठित कंपनियां एवं प्रतिष्ठान अपने अत्याधुनिक उत्पादों और सेवाओं का भव्य प्रदर्शन करेंगे।
हाड़ौती की संस्कृति और पर्यटन का राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार
आयोजन स्थल पर हाड़ौती पर्यटन विकास के लिए एक विशेष और विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें हाड़ौती के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों को एलईडी स्क्रीन और आकर्षक चित्रों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। देश भर से आने वाले हजारों प्रतिभागियों को हाड़ौती के पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें यहां आने के लिए प्रेरित किया जाएगा, साथ ही बाहर से आने वाले व्यवसायियों को हाड़ौती के प्रमुख पर्यटक स्थलों और बाजारों का भ्रमण भी करवाया जाएगा ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर हाड़ौती के पर्यटन का व्यापक प्रचार-प्रसार कर सकें।
वातानुकूलित जर्मन डोम और आकर्षक सजावट की विशेष व्यवस्था
16वें महाअधिवेशन के संयोजक दीपक सिंघल एवं सलाहकार राजिंदर सिंह राजावत ने बताया कि आयोजन स्थल पर आगंतुकों के लिए अत्याधुनिक वातानुकूलित भव्य जर्मन डोम तैयार किए गए हैं। दिल्ली और जयपुर से आई विशेष इवेंट कंपनियों की टीमें आयोजन स्थल की साज-सज्जा और भव्य डेकोरेशन को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं, तथा बाहर से आने वाले विशिष्ट अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए आवास, परिवहन, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
लोकसभा अध्यक्ष के आतिथ्य में होगा भव्य उद्घाटन
इस तीन दिवसीय महाअधिवेशन का भव्य उद्घाटन समारोह 6 सितंबर 2026 को सायं 5 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के यशस्वी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। आयोजन के उद्घाटन एवं समापन समारोह के दौरान हाड़ौती एवं राजस्थान की लोक संस्कृति, कला और परंपरा की अद्भुत एवं मनमोहक झलक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देखने को मिलेगी।
व्यापार विस्तार, नई तकनीक और नेटवर्किंग का सुनहरा अवसर
आयोजकों ने बताया कि यह महाअधिवेशन व्यवसायियों के लिए व्यापार विस्तार, नई तकनीक, नवाचार, उत्पादों के लाइव प्रदर्शन, और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन नेटवर्किंग स्थापित करने का एक स्वर्णिम अवसर साबित होगा। आयोजन को पूरी तरह सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर सभी प्रमुख सदस्यों को अहम जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और कोटा में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
“रणोत्सव वॉल्यूम-3.0” (बाइकिंग एवं एडवेंचर फेस्टिवल) का विशेष विवरण:

देशभर के बाइकर्स के लिए कोटा में सजेगा रणोत्सव
जितेंद्र बेदी ने बताया कि क्लब रोरिंग हॉक्स जयपुर के तत्वावधान में कोटा के मेनाल रेजिडेंसी में 5 से 7 सितंबर 2026 तक प्रतिष्ठित मोटरसाइकिल एवं एडवेंचर फेस्टिवल “रणोत्सव वॉल्यूम-3.0” का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय महोत्सव में देश भर से सैकड़ों बाइकर्स, राइडिंग क्लब्स, ट्रैवल क्रिएटर्स और मोटरसाइकिल प्रेमी भाग लेने के लिए कोटा पहुंचेंगे।
प्राकृतिक पर्यटन और सड़क सुरक्षा का संदेश
रणोत्सव का मुख्य उद्देश्य केवल बाइक राइडिंग तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, हाड़ौती क्षेत्र के प्राकृतिक पर्यटन स्थलों और जिम्मेदार मोटरसाइकिल पर्यटन को बढ़ावा देना भी है। इस आयोजन के माध्यम से कोटा और आसपास के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी और साथ ही “Ride Safe, Ride Responsible” का महत्वपूर्ण संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
रोमांचक स्टंट शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी चंबल रिवर फ्रंट, रावतभाटा, पाड़झर वॉटरफॉल और गड़रिया महादेव जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की विशेष राइड का रोमांचक अनुभव प्राप्त करेंगे। इसके अलावा, राजस्थान की लोक संस्कृति से रूबरू कराने के लिए भव्य लोक नृत्य, मंगणियार कलाकारों की प्रस्तुतियां, सूफी एवं लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट, बोनफायर, बाइक डिस्प्ले, मोटरसाइकिल स्टंट शो और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
पर्यटन और आपसी भाईचारे का अनूठा संगम
क्लब रोरिंग हॉक्स के प्रतिनिधियों गौरव सोनी और जितेन्द्र बेदी ने बताया कि यह आयोजन रोमांच, पर्यटन, संस्कृति और आपसी भाईचारे का एक अनूठा संगम होगा। उन्होंने सभी बाइकर्स, ट्रैवल प्रेमियों और आमजन से इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने का आग्रह किया है, और कोटा एडमिनिस्ट्रेशन, पुलिस प्रशासन तथा कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
