Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 2 सितंबर। कोटा शहर में सरकारी ब्लड बैंक में चल रही रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से चंबल फाउंडेशन संस्थान की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के पोस्टर का विमोचन बुधवार को किया गया।
चंबल फाउंडेशन के अध्यक्ष बृजेश शर्मा नीटू ने बताया कि आगामी 9 सितंबर को प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक गुजराती समाज ट्रस्ट, कैनाल रोड पर रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में एकत्रित होने वाला रक्त एमबीएस अस्पताल के ब्लड बैंक को उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सके।
उन्होंने बताया कि चंबल फाउंडेशन का लगातार प्रयास रहता है कि सरकारी ब्लड बैंक में जब भी रक्त की कमी हो, उसे पूरा करने में सहयोग किया जाए। एमबीएस अस्पताल हाड़ौती संभाग का सबसे बड़ा अस्पताल है, जहां कोटा सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। दुर्घटना, प्रसव, ऑपरेशन सहित गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता होती है।
इसके अलावा थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को नियमित रूप से रक्त चढ़ाने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में रक्तदान शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर जरूरतमंदों की मदद करने का प्रयास किया जाएगा।
