56 विशाल इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं का वितरण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का दिया संदेश

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 13 सितंबर। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ एवं इको-फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में दूसरे दिन 56 विशाल इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं एवं 56 केसरिया धर्म ध्वजाओं का निशुल्क वितरण किया गया। अभियान का उद्देश्य प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) एवं रासायनिक रंगों से होने वाले जल प्रदूषण को रोकने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

ढोल-नगाड़ों के बीच भक्तिमय माहौल में हुआ वितरण

कार्यक्रम के मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि दूसरे चरण के प्रतिमा वितरण के दौरान भांगड़ा और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। पंजीकृत 56 सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने अपने निर्धारित क्रमांक के अनुसार 4 से 6 फीट ऊंची विशाल मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं प्राप्त कीं और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित होने वाले सार्वजनिक पंडालों के लिए लेकर रवाना हुए।

सनातन संस्कृति प्रकृति के सम्मान का संदेश देती है : संदीप शर्मा

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति सदैव पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के सम्मान का संदेश देती आई है। नदियां, जलस्रोत और वृक्ष हमारी आध्यात्मिक परंपरा के अभिन्न अंग हैं। ऐसे में पीओपी की प्रतिमाओं के स्थान पर शुद्ध मिट्टी से निर्मित इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं की स्थापना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि मिट्टी की प्रतिमाओं के उपयोग से नदियों और जलाशयों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलेगी तथा धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति के प्रति अपने दायित्व का भी निर्वहन होगा। विधायक ने सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ एवं इको-फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज में सकारात्मक और दूरगामी बदलाव ला सकता है।

गणेशोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने की मांग

मुख्य संयोजक गोविंद नारायण अग्रवाल ने कोटा में गणेशोत्सव को जिला महोत्सव घोषित करने तथा सार्वजनिक गणेश पंडालों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग विधायक संदीप शर्मा के समक्ष रखी। विधायक ने मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

संतों और जनप्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि कार्यक्रम कुल्लम शक्ति पीठ की माता श्री नीति अंबा के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी, पूर्व महापौर दक्षिण राजीव भारती, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, गुजराती समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीडी पटेल, कोटा व्यापार महासंघ के सचिव अशोक माहेश्वरी, जयपुर के जिला जज एस.के. जैन, टीलेश्वर महादेव मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन लाल गर्ग, महामंत्री राजेंद्र अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, आनंद राठी एवं सत्यनारायण श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों का किया भव्य स्वागत

कार्यक्रम के दौरान इको-फ्रेंडली श्री गणपति क्लब की प्रतिमा वितरण प्रबंधन समिति के परमानंद गर्ग, अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, योगेश शर्मा, हेमंत सिंह, कमल सिंह सोलंकी, धर्मपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह हाडा एवं अजय शर्मा ने आमंत्रित अतिथियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के कार्यकर्ता तथा श्रद्धालु मौजूद रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!