कोटा नगर निगम में भाजपा बोर्ड की तैयारी तेज, वार्ड 11, 44 और 87 में भी कमल खिलने का दावा

Written by: प्रमुख संवाद

हरिकृष्ण बिरला बोले—तीनों वार्डों में भाजपा की जीत तय, कोटा में बहेगी विकास की गंगा

कोटा, 15 सितंबर। कोटा नगर निगम चुनाव के परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने शेष तीन वार्डों में होने वाले पुनर्मतदान को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा नेताओं ने वार्ड संख्या 11, 44 और 87 में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में मतदाताओं से मतदान की अपील करते हुए नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनने का दावा किया।

55 सीटों के लिए मतदाताओं का जताया आभार

भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि कोटा के मतदाताओं ने निकाय चुनाव में 97 में से 55 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाकर स्पष्ट बहुमत प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार के साथ अब नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनने से विकास को ट्रिपल इंजन की ताकत मिलेगी। इसके लिए उन्होंने कोटा के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

निर्दलीय प्रत्याशी ने भाजपा को दिया समर्थन

उपभोक्ता होलसेल भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला के सानिध्य में वार्ड 44 से निर्दलीय प्रत्याशी ओम राठौर ने भाजपा प्रत्याशी प्रेम गौड़ को अपना समर्थन देने की घोषणा की। इस अवसर पर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने ओम राठौर को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा में स्वागत किया।

तीनों वार्डों में कमल खिलने का दावा

हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि कोटा नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनना अब तय है। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 11, 44 और 87 के कुछ हिस्सों में 16 सितंबर को पुनः मतदान होना है। कोटा के मतदाताओं के रुझान को देखते हुए इन तीनों वार्डों में भी भाजपा की जीत की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने के बाद शहर के विकास को और गति मिलेगी तथा कोटा में विकास की गंगा बहेगी।

ढाई साल में 9 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्य

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता अपने कार्यकाल में पांच साल में सात हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने का दावा करते रहे, जबकि भाजपा सरकार ने महज ढाई साल के कार्यकाल में ही नौ हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकासात्मक कार्य करवाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कोटा के विकास को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है और आने वाले समय में कोटा एक विकसित शहर के रूप में नई पहचान बनाएगा।

कार्यकर्ताओं के साथ बनाई मतदान की रणनीति

भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने वार्ड संख्या 11 और 44 में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदाताओं से समर्थन की अपील की। वहीं कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने वार्ड संख्या 87 में भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया। इसके साथ ही भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पुनर्मतदान की तैयारियों एवं मतदान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!