महिला एशिया कप में भारत की ऐतिहासिक जीत, श्रीलंका को 72 रन से हराकर आठवीं बार चैंपियन

Written by : Sanjay kumar

दुबई, 13 सितंबर।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से करारी शिकस्त देकर आठवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और ग्रुप चरण से लेकर फाइनल तक लगातार दमदार प्रदर्शन किया।

शेफाली और मंधाना ने रखी जीत की मजबूत नींव

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की जबरदस्त साझेदारी की। शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल रहे। स्मृति मंधाना ने भी 39 गेंदों पर 59 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल थे।

भारत ने बनाए 183 रन

शेफाली और मंधाना के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी हुई, लेकिन टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ऋचा घोष ने 17, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14 और दीप्ति शर्मा ने पांच रन बनाए। जी. कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं।

भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को 111 रन पर समेटा

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम को शुरुआती झटका जल्दी लगा, लेकिन कप्तान चामरी अट्टापट्टू और विश्मी गुणारत्ने ने दूसरे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी कर पारी को संभालने का प्रयास किया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट हासिल करते हुए श्रीलंका की पारी को पूरी तरह दबाव में ला दिया।

श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लेकर श्रीलंका की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत को भी एक-एक सफलता मिली। श्रीलंका की पूरी टीम 20 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 72 रन से फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।

एशिया कप में भारत का दबदबा कायम

इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशिया कप में अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है। भारत ने अब तक आठ बार महिला एशिया कप का खिताब जीता है। भारत ने 2004, 2005, 2006 और 2008 में वनडे प्रारूप में तथा 2012, 2016, 2022 और 2026 में टी20 प्रारूप में खिताब अपने नाम किया है।

भारतीय टीम का इस टूर्नामेंट में लगातार फाइनल तक पहुंचने का सिलसिला भी बरकरार रहा। 2018 और 2024 के फाइनल में हार के बाद भारतीय टीम ने 2026 में शानदार वापसी करते हुए फिर से चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

अजेय अभियान के साथ हासिल की ट्रॉफी

महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन शुरू से अंत तक प्रभावशाली रहा। बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने फाइनल में शानदार पारियां खेलकर जीत की नींव रखी, जबकि गेंदबाजों ने श्रीलंका को लक्ष्य तक पहुंचने से रोकते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया।

आठवीं बार एशिया कप की ट्रॉफी जीतकर भारतीय महिला टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि एशियाई महिला क्रिकेट में उसका दबदबा बरकरार है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!