सर्व हिंदू समाज महासंघ ने किया ‘गणेश महोत्सव परिचय पत्रिका’ का विमोचन

Written by : प्रमुख संवाद

इको-फ्रेंडली प्रतिमा स्थापित करने वाले 21 मंडलों को मिलेगा 5,100 रु. का पुरस्कार

कोटा, 21 सितंबर।
अनंत चतुर्दशी महोत्सव के पावन पर्व पर कोटा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित गणेश मंडलों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से ‘सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ’ द्वारा तैयार की गई 12 पेज की विशेष सूचना व परिचय पत्रिका का भव्य विमोचन किया गया। यह कार्यक्रम रविवार को तलवंडी स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित हुआ।

संतों एवं अतिथियों के कर-कमलों से हुआ विमोचन
पत्रिका का विमोचन मोजी बाबा पावन धाम की महामंडलेश्वर पूजनीय डॉ. हेमा सरस्वती, हरिद्वार कुलम शक्ति पीठ की महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 मैत्रेय गिरी जी महाराज तथा महामंडलेश्वर माता श्री नीति अंबा के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। मंच पर राधा कृष्ण मंदिर के सभापति राकेश अग्रवाल, व्यवस्थापक इंद्रेश कुमार गर्ग एवं उपाध्यक्ष मोहन अग्रवाल भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

5,000 पत्रिकाओं का होगा वितरण
महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि इस पहल के तहत 12 पेज की कुल 5,000 सूचना पत्रिकाओं का वितरण शहर के सभी गणेश पंडालों में किया जाएगा। यह वितरण अभियान 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक निरंतर चलाया जाएगा, ताकि सभी गणेशोत्सव समितियां महासंघ के उद्देश्यों से जुड़ सकें।

10 सदस्यीय टीम संभालेगी जनसंपर्क का जिम्मा
संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने जानकारी दी कि पत्रिका वितरण एवं जनसंपर्क के लिए 10 सदस्यों की विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम शहर के प्रत्येक क्षेत्र में गणेश पंडालों तक पहुंचकर महासंघ की गतिविधियों की जानकारी देगी, परिचय पुस्तिका प्रदान करेगी और आगामी मुख्य स्मारिका में मंडलों को शामिल करने की अपील करेगी।

पर्यावरण संरक्षण: इको-फ्रेंडली मंडलों को 5,100 रुपये का पुरस्कार
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए महासंघ ने विशेष प्रोत्साहन पहल की घोषणा की है। इसके तहत मिट्टी या इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा स्थापित करने वाले शहर के 21 जागरूक मंडलों का पारदर्शी प्रक्रिया से चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक मंडल को ₹5,100 की नगद राशि से सम्मानित किया जाएगा।

गणमान्य पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के अध्यक्ष डॉ. एम.एल. अग्रवाल, गोविंद नारायण अग्रवाल, महामंत्री राजाराम जैन कर्मयोगी, अनिल खंडेलवाल एवं विकास जैन सहित महासंघ के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!