Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 21 सितंबर। समाज के जरूरतमंद वर्ग को आर्थिक संबल देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में श्री राजपूत सभा कोटा ने सेवा की एक और मिसाल पेश की। चौहान भवन, बापू नगर कंसुआ में आयोजित कार्यक्रम में सभा की ओर से राजपूत समाज की 51 विधवा महिलाओं एवं एक वृद्ध दंपती को 11वीं पेंशन प्रदान की गई। प्रत्येक लाभार्थी को एक हजार रुपये की राशि देकर आर्थिक सहयोग किया गया।
कार्यक्रम में छपावदा के भवानी सिंह सोलंकी ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता और जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े होने की भावना में निहित है। विपरीत परिस्थितियों में परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही माताओं और बहनों का सम्मान और सहयोग करना समाज का दायित्व है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं श्री राजपूत सभा के समाज सारथी रविन्द्र सिंह हाड़ा नरेश ने कहा कि सेवा का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयास होना चाहिए। इसी उद्देश्य से दो जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए सिलाई मशीनें भेंट की गईं। सिलाई मशीन के माध्यम से दोनों महिलाएं घर से ही सिलाई का कार्य शुरू कर आय अर्जित कर सकेंगी और परिवार के भरण-पोषण में अपना योगदान दे सकेंगी। दोनों सिलाई मशीनें समाज सारथी कृष्ण गोविंद सिंह गौड़ की ओर से भेंट की गईं।
कार्यक्रम में श्री राजपूत सभा की हेमलता चौहान, राजेश सिंह परिहार, प्रताप सिंह हाड़ा, राजेंद्र सिंह राणावत, प्रोफेसर अरविंद सक्सेना, जोधराज सिंह, भंवर सिंह, कुलदीप सिंह नरूका, कमल सिंह कापरेन, पवन सिंह, भंवर सिंह चौहान, दिलीप सिंह हाड़ा सहित समाजबंधु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
