सांगोद क्षेत्र को 86.40 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया लोकार्पण-शिलान्यास

Written by : Sanjay kumar

कोटा, 26 सितंबर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार को सांगोद के दूधियाखेड़ी माताजी मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में कनवास उपखंड क्षेत्र को 86.40 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क, पुलिया तथा ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

समारोह के दौरान मंत्री नागर ने 2.20 करोड़ रुपए की लागत से मदारिया, काल्याकुई, मोरूखुर्द एवं ढोटी में नवनिर्मित चार उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों तथा ग्राम बास्याहेड़ी में 4.78 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कांकरिया सौर ऊर्जा आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। इसके अलावा सार्वजनिक निर्माण विभाग के 27.66 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 16 सड़क एवं पुलिया कार्यों तथा पंचायत समिति सांगोद की 18 ग्राम पंचायतों में 42.51 करोड़ रुपए के विभिन्न बुनियादी विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।

भविष्य में आवागमन को और सुगम बनाने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग की 9.25 करोड़ रुपए की लागत वाली 12 नवीन सड़क एवं पुलिया परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। पूर्ण हुए कार्यों में अरू नदी पर निर्मित तीन प्रमुख पुलिया और कनवास का अटल प्रगति पथ विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।

जनसेवा को बताया राजनीति का मूल उद्देश्य

समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का पवित्र माध्यम है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ जनता के बीच काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा विकास कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी।

मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों तक पहुंचने के रास्तों को सुगम बनाने में योगदान देने वाले बालूहेड़ा, खजुरी, खजूरना, सावन भादों और झालरी ग्राम पंचायतों के सरपंचों, ग्राम पंचायत सचिवों तथा कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन कर उनका आभार जताया।

‘ट्रिपल इंजन सरकार’ से विकास को मिलेगी और गति

मंत्री नागर ने कहा कि राजस्थान की डबल इंजन सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में सांगोद क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि अब त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था और स्थानीय निकायों के समन्वय से ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के माध्यम से विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा सांगोद क्षेत्र के कायाकल्प की दिशा में तेजी से काम होगा।

समारोह में कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, पंचायत समिति सांगोद के प्रधान जयवीर सिंह, उप प्रधान ओम नागर (अडूसा) सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!