प्रतापगढ़ में मुख्यमंत्री ने उदयपुर संभाग को दी 924 करोड़ रुपए से अधिक की विकास सौगात, 1,452 कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण

Written by : Sanjay kumar

प्रतापगढ़, 26 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को प्रतापगढ़ में कहा कि राजस्थान की सबसे बड़ी जरूरत पानी है और राज्य सरकार प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने दीपेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद दशहरा मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उदयपुर संभाग के सात जिलों के लिए 924 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 1,452 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 668 करोड़ रुपए के 1,029 कार्यों का शिलान्यास तथा 256 करोड़ रुपए के 423 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

सात जिलों में विकास कार्यों को मिली गति

मुख्यमंत्री द्वारा उदयपुर जिले में 166.80 करोड़ रुपए के 526 कार्य, डूंगरपुर में 189.85 करोड़ रुपए के 105 कार्य, चित्तौड़गढ़ में 164.57 करोड़ रुपए के 88 कार्य, बांसवाड़ा में 89.68 करोड़ रुपए के 77 कार्य, प्रतापगढ़ में 109.77 करोड़ रुपए के 436 कार्य, राजसमंद में 108.50 करोड़ रुपए के 130 कार्य तथा सलूंबर में 95.05 करोड़ रुपए के 90 कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया।

17 जिलों को पानी पहुंचाने का दावा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राम जल सेतु-ईआरसीपी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे 17 जिलों की जनता और किसानों को पानी उपलब्ध होगा तथा चार लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचाई से जुड़ सकेगी। उन्होंने बताया कि माही डैम योजना के तहत डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं के लिए करीब 4,500 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए विभिन्न राज्यों के साथ रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल, नर्मदा और किशाऊ परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण समझौते किए गए हैं। किसानों को वर्ष 2027 तक सभी जिलों में दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

जनजातीय संस्कृति और महिलाओं के उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने प्रतापगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां मालवा, मेवाड़ और बागड़ की संस्कृतियों का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उन्होंने थेवा कला और गैर नृत्य का भी उल्लेख किया।

उन्होंने राजीविका से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने तथा सरकारी खरीद से जोड़ने की बात कही। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को नए बाजार मिलने की संभावना जताई गई।

सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के ढाई वर्ष से अधिक के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 1 लाख 90 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2026 में सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केंद्रों के माध्यम से युवाओं को ई-लाइब्रेरी और ई-मित्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। इस दौरान राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता मंत्री गौतम दक और जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!