लघु उद्योग भारती महिला इकाई का हस्तशिल्प मेला “स्वयंसिद्धा” शुरु

प्रमुख संवाद

कोटा, 11 जनवरी।
लघु उद्योग भारती महिला इकाई की ओर से झालावाड़ रोड स्थित शुभम गार्डन पर शुक्रवार को हस्तशिल्प मेला “स्वयंसिद्धा” का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि विधायक कल्पना देवी थी। अध्यक्षता सिटी एसपी अमृता दुहन ने की। विशिष्ट अतिथि लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष ताराचंद गोयल व कार्यकारिणी सदस्य वरिष्ठ सलाहकार गोविंदराम मित्तल थे। हस्तशिल्प मेले में भारत सरकार की ओर से बिना गारंटी 10 लाख तक का लोन न्यूनतम ब्याज दर पर दिया जा रहा है। यहां 100 से अधिक महिला उद्यमियों ने स्टॉल लगाई है। वहीं देशभर के अलग-अलग क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए फूड कोर्ट में भोजन की स्टाल भी लगाई गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कल्पना देवी ने कहा कि आज महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी सफलता के झंडे गाड़ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को राजनीति में लाने के लिए 33% आरक्षण देने का काम किया है। जब महिलाएं राजनीति में आएंगी तो राजनीतिक क्षेत्र स्वच्छ होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए उद्यमिता के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। सिटी एसपी अमृता दुहन ने कहा कि महिलाएं घर पर रहकर दिनभर सभी काम करती हैं। ऐसे में, महिलाएं घर के बाहर के कामों को भी आसानी से कर सकती हैं। महिलाएं सशक्त होंगी तो देश सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि आज देश में चल रहे कुटीर उद्योगों में अधिकांश महिला उद्यमी ही काम करती हैं।

गोविंदराम मित्तल ने कहा कि भारत इको फ्रेंडली उत्पाद बनाने में कभी 143वें स्थान पर आता था। आज पर्यावरण चेतना और सरकारी प्रयासों का नतीजा है कि भारत इको फ्रेंडली उत्पाद बनाने में 46वें स्थान पर आ गया है। वहीं राजस्थान भी आठवें से छठे स्थान पर पहुंच गया है। ताराचंद गोयल ने कहा कि महिला उद्यमिता परिवार की आय बढ़ाने में सहयोगी हो सकती है। लघु उद्योग भारती महिला इकाई की प्रेसीडेंट शशि मित्तल ने बताया कि हस्तशिल्प मेले का समापन रविवार को होगा। इस दौरान सेक्रेटरी चांदनी पोद्दार और कोषाध्यक्ष निहारिका गुप्ता भी मौजूद रही।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!