कोटा में हेल्थ टॉक प्रोग्राम: लीवर की बीमारियों और बचाव पर चर्चा

प्रमुख संवाद, 12 जनवरी।

कोटा।अत्यधिक शराब का सेवन, तैलीय और जंक फूड, मोटापा, और व्यायाम की कमी लीवर की समस्याओं के मुख्य कारण हैं। इसके अलावा जीवनशैली, असंतुलित खानपान और बढ़ते तनाव के कारण लीवर की बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। मेदांता हॉस्पिटल के प्रतिष्ठित कंसल्टेंट और लीवर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. अंकुर अटल गुप्ता मुख्य वक्ता के रूप में हेल्थ टॉक में यह बात कही।
कोटा डवलपमेंट फोरम और मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के संयुक्त प्रयास से स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से कुन्हाड़ी स्थित नीजि होटल में एक हेल्थ टॉक प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को लीवर से संबंधित समस्याओं के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की प्रेरणा देना था।इस अवसर पर उन्होंने लीवर से जुड़ी बीमारियों, उनके बचाव और आधुनिक चिकित्सा विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम की रूपरेखा
कार्यक्रम का शुभारंभ कोटा डवलपमेंट फोरम की जनरल सेक्रेटरी आशा शर्मा ने किया। उपाध्यक्ष कुलवंत गौड और फाउंडर प्रेसिडेंट डॉ. टी.सी. मेहता ने मुख्य अतिथि डॉ. अंकुर अटल गुप्ता का स्वागत किया। सेक्रेटरी कंचन ठाकुर ने पूरे कार्यक्रम का संचालन करते हुए इसे एक व्यवस्थित रूप दिया।

लीवर की बीमारियों और बचाव पर चर्चा
डॉ. अंकुर अटल गुप्ता ने बताया कि आज की अत्यधिक शराब का सेवन, तैलीय और जंक फूड, मोटापा, और व्यायाम की कमी लीवर की समस्याओं के मुख्य कारण हैं। इसके अलावा, वायरल संक्रमण, खासतौर पर हेपेटाइटिस बी और सी, भी गंभीर लीवर रोगों का कारण बन सकते हैं। बचाव के उपायों पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त जल का सेवन, और तंबाकू व शराब से दूरी बनाकर लीवर को स्वस्थ रखा जा सकता है। उन्होंने लीवर की बीमारियों का जल्दी पता लगाने के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह भी दी।

लीवर ट्रांसप्लांट: आधुनिक चिकित्सा का वरदान
डॉ. गुप्ता ने लीवर ट्रांसप्लांट के महत्व को समझाते हुए कहा कि गंभीर लीवर रोगों के मामले में यह प्रक्रिया जीवन बचाने में बेहद कारगर है। उन्होंने इसके लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और प्रक्रिया की सफलता दर पर भी प्रकाश डाला। उनके मुताबिक, भारत में अब लीवर ट्रांसप्लांट प्रक्रिया विश्वस्तरीय स्तर पर की जा रही है, जिससे हजारों मरीजों की जान बचाई जा रही है।

प्रश्नोत्तर सत्र
डॉ. गुप्ता के व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित श्रोताओं ने लीवर की देखभाल और संबंधित विषयों पर सवाल पूछे। डॉ. गुप्ता ने इन सवालों का विस्तार से उत्तर देकर श्रोताओं को संतुष्ट किया। उन्होंने आमतौर पर लोगों के मन में लीवर ट्रांसप्लांट को लेकर मौजूद भ्रांतियों को भी दूर किया और इस प्रक्रिया के बारे में सही जानकारी दी।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!