ऑपरेशन चक्रव्यूह : शहर के मध्य किराना दुकान की आड़ में संचालित एमडी ड्रग यूनिट का पर्दाफाश

Written by : Sanjay kumar

प्रतापगढ़/जयपुर| 2 फरवरी 2026

नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए शहर के बीचों-बीच किराना दुकान एवं अनाज गोदाम की आड़ में संचालित एमडी (मादक पदार्थ) निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य का मादक पदार्थ, कच्चा रसायन और निर्माण उपकरण जब्त किए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में मिली पुख्ता सूचना के आधार पर थानाधिकारी शंभुसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वॉटरवर्क्स रोड स्थित नाकोड़ा किराना के पीछे बने गोदाम पर दबिश दी। गोदाम के भीतर निर्मित एक गुप्त कक्ष में प्रवेश करते ही तीव्र रासायनिक गंध और आंखों में जलन महसूस हुई। तलाशी के दौरान वहां एमडी ड्रग निर्माण से संबंधित संपूर्ण सेटअप पाया गया।

बरामदगी का विवरण

  • 106 ग्राम शुद्ध एमडी
  • 114.750 किलोग्राम लिक्विड केमिकल (एमडी निर्माण में प्रयुक्त)
  • इलेक्ट्रॉनिक एवं इंडेक्स हीटर, ब्लोअर मशीन
  • कांच के प्रयोगशाला फ्लास्क एवं बड़े जार
  • इलेक्ट्रॉनिक कांटे, विशेष मिक्सिंग मशीन
  • सुरक्षा सामग्री—रबर ग्लव्स, बाल्टियां आदि

बरामद सामग्री का बाजार मूल्य लगभग 5 करोड़ रुपये आंका गया है।

आरोपी फरार, तलाश जारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धर्मचंद मोगरा जैन एवं रोहित मोगरा जैन किराना व्यवसाय की आड़ में इस अवैध गतिविधि का संचालन कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई से पूर्व दोनों आरोपी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर पुलिस की विशेष टीमें दबिश दे रही हैं।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच थानाधिकारी अरनोद, शिवलाल को सौंपी गई है।

प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!