कोटा | 07 फरवरी 2026
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री, राज्यसभा सांसद एवं राजस्थान के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार राजस्थान के समग्र विकास—आर्थिक, भौतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक—को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, राष्ट्र की अखंडता में योगदान और सामरिक महत्व को ध्यान में रखते हुए केन्द्र सरकार ने केन्द्रीय बजट में राज्य को विशेष सहयोग प्रदान किया है।
कोटा में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री की गरीब-कल्याण योजनाओं का सबसे अधिक लाभार्थी राज्यों में राजस्थान अग्रणी है। उन्होंने बताया कि राज्य में
- जनधन योजना के अंतर्गत 3.8 करोड़ बैंक खाते खोले गए,
- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से 1.53 करोड़ और
- प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 2.99 करोड़ लोग लाभान्वित हुए।
उन्होंने कहा कि मुद्रा योजना के तहत 1.17 लाख करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया, पीएम स्वनिधि योजना से 2.72 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को सहायता मिली, 61.4 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए गए और जल जीवन मिशन के अंतर्गत 62.5 लाख घरों तक नल से जल पहुंचाया गया।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि राजस्थान की 73.8 लाख महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन मिले हैं। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से 4.40 करोड़ परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 2.28 करोड़ परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 71.7 लाख किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये सीधे बैंक खातों में प्रदान किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में भारत ने ऐतिहासिक रूप से सबसे अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएँ बनाना नहीं, बल्कि आम नागरिक की क्रय शक्ति बढ़ाकर जीवन स्तर में वास्तविक सुधार लाना है।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि पिछले 11 वर्षों में केन्द्र सरकार ने राजस्थान को कर हिस्सेदारी के रूप में 5.7 लाख करोड़ रुपये, अनुदान के रूप में 2.61 लाख करोड़ रुपये तथा पूंजीगत व्यय के लिए पिछले 5 वर्षों में 31,949 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। कुल मिलाकर राज्य को 8.63 लाख करोड़ रुपये की केन्द्रीय सहायता मिली है।
रेल एवं सड़क अधोसंरचना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जहाँ कांग्रेस शासन में प्रतिवर्ष औसतन 160 किमी नई रेल लाइन और 27 किमी विद्युतीकरण होता था, वहीं मोदी सरकार में प्रतिवर्ष 374 किमी नई रेल लाइन और 499 किमी रेल विद्युतीकरण किया जा रहा है। साथ ही 51,814 करोड़ रुपये की लागत से 4,791 किमी रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आबूरोड से उदयपुर तक 85 रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में अब तक 10,733 किमी राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त 46,165 करोड़ रुपये की लागत से चार ग्रीनफील्ड कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे से अलवर, भरतपुर, टोंक, बूंदी और कोटा को सीधा लाभ मिलेगा।
पर्यटन एवं ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे निवेश की जानकारी देते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत 283 करोड़ रुपये की लागत से डेजर्ट सर्किट, कृष्णा सर्किट एवं स्पिरिचुअल सर्किट को स्वीकृति दी गई है। वहीं 42,000 करोड़ रुपये की लागत से देश का सबसे बड़ा (4×700 मेगावाट) न्यूक्लियर पावर प्लांट तथा 19,210 करोड़ रुपये की लागत से नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर कोटा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने डॉ. अग्रवाल का स्वागत किया। पत्रकारवार्ता में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला उपाध्यक्ष छगन माहुर, बजट प्रचार समिति सदस्य हेमंत विजय, भाजपा मीडिया संभाग संयोजक अरविन्द सिसोदिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
