Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 6 फरवरी।
श्री पंचमुखी सोमेश्वर सेवा समिति, शिवपुरा द्वारा इस वर्ष भी कोटा में भव्य महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समर्पण के साथ किया जा रहा है। यह आयोजन 8 फरवरी से 15 फरवरी तक चलेगा, जिसमें धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ 31 कन्याओं का निशुल्क सामूहिक विवाह, रुद्र महायज्ञ, कालसर्प दोष एवं पितृ दोष शांति यज्ञ, भजन संध्या तथा विशाल आम भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद जितेंद्र सिंह तथा संयोजक रविंद्र सिंह हाड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति द्वारा प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर निशुल्क कन्या विवाह का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी समिति ने 31 कन्याओं के विवाह की संपूर्ण जिम्मेदारी ली है। सभी जोड़े पंजीकृत हो चुके हैं।
कार्यक्रमों की शुरुआत 8 फरवरी को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगी, जबकि 15 फरवरी को गोधूलि बेला में 31 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसी दिन यज्ञ की पूर्णाहुति, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति के महामंत्री शंभु सोनी एवं कोषाध्यक्ष जगन्नाथ गौतम ने बताया कि 8 फरवरी को ब्राह्मण वरण, हवन, रुद्र यज्ञ, अरणि मंथन एवं देव पूजन हवन होगा। 9 फरवरी से 15 फरवरी तक निरंतर रुद्र महायज्ञ आयोजित किया जाएगा, जिसमें कालसर्प दोष एवं पितृ दोष शांति के लिए भी विशेष यज्ञ किए जाएंगे।
पं. श्याम सुंदर गौतम ने बताया कि हवन एवं यज्ञ में सम्मिलित होने के इच्छुक श्रद्धालु समिति से संपर्क कर सकते हैं।
निशुल्क विवाह हेतु जन्म प्रमाण पत्र, मार्कशीट एवं माता-पिता का एफिडेविट अनिवार्य रखा गया है। जिन कन्याओं के माता-पिता नहीं हैं, उन्हें पंजीकरण में प्राथमिकता दी गई है। विवाह के अवसर पर समिति की ओर से कन्याओं को घरेलू उपयोग का सामान भेंट स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
बग्गी में सवार होंगी दुल्हनें
15 फरवरी को दोपहर 1 बजे दुल्हनों को बग्गी पर बैठाकर शिवपुरा क्षेत्र में भव्य बिंदोरी निकाली जाएगी, जबकि दूल्हे घोड़ी पर सवार होंगे। पुष्प वर्षा के साथ उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
शहरवासियों से सहयोग की अपील
समिति उपाध्यक्ष प्रदीप कसाना ने शहरवासियों से अपील की है कि जो भी नागरिक इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में सहयोग करना चाहते हैं, वे समिति से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही सामूहिक विवाह सम्मेलन में कन्याओं को उपहार या किसी भी रूप में सहयोग करने के इच्छुक लोग 15 फरवरी की शाम को भीतरिया कुंड पहुंचकर प्रत्यक्ष रूप से योगदान दे सकते हैं।
लोकसभा अध्यक्ष देंगे आशीर्वाद
इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। साथ ही राजेश बिरला, राजीव दत्ता, दीपक राजवंशी, चैन सिंह राठौर, संदीप शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।
