बारां में पूर्व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, दिनदहाड़े फायरिंग से मचा हड़कंप

Written by : लेखराज शर्मा


बारां, 6 फरवरी।
राजस्थान के बारां जिले में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब यूथ कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शरद शर्मा पर दिनदहाड़े जानलेवा हमला किया गया। कोटा रोड स्थित आरओबी के पास बाइक से आए तीन नकाबपोश युवकों ने उन पर फायरिंग का प्रयास किया, हालांकि मिस फायर होने से उनकी जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शरद शर्मा सुबह करीब 10 बजे अपने निवास से श्रीजी मंदिर दर्शन के लिए स्कूटर से निकले थे। इसी दौरान पीछे से आए तीन नकाबपोश युवकों में से एक ने पिस्टल निकालकर उन पर गोली चलाने का प्रयास किया। खतरे को भांपते हुए शरद शर्मा ने अपने स्कूटर को हमलावरों की बाइक से टकरा दिया, जिससे बदमाश असंतुलित हो गए। इसके बाद दूसरे आरोपी ने भी फायरिंग की कोशिश की, लेकिन हथियार अटक जाने से वह सफल नहीं हो सका। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलने पर शरद शर्मा कोतवाली थाने पहुंचे, जहां अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में संदिग्ध बदमाश भागते हुए नजर आए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!