वीर बाला काली बाई के बलिदान को नमन, 200 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान — अभाविप का भव्य प्रतिभा समारोह संपन्न

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 11 फरवरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) कोटा महानगर द्वारा वीर बाला काली बाई की स्मृति में भव्य “प्रतिभा सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित प्रतियोगिताओं के 200 विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम युवा दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा वीर बाला काली बाई के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करना रहा।

महानगर मंत्री दीप्ति मेवाड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभाविप निरंतर छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए विविध गतिविधियों का आयोजन करती रही है। इस समारोह के माध्यम से शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 200 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं प्रसन्न रहना आवश्यक है। अभाविप “ज्ञान, शील और एकता” के मंत्र के साथ विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन के रूप में परिसर में सकारात्मक सक्रियता का वातावरण निर्मित करती है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जो विद्यार्थी इस बार विजयी नहीं हो सके हैं, उनके लिए भविष्य में अनेक अवसर उपलब्ध होंगे। निराशा का त्याग कर सदैव सकारात्मक और प्रसन्नचित्त रहना चाहिए।

मुख्य वक्ता अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा ने वीर बाला काली बाई भील के प्रेरणादायी जीवन प्रसंग को स्मरण करते हुए बताया कि अंग्रेजी एवं सामंती शासनकाल में शिक्षा की अलख जगाने वाले गुरु नानाभाई खांट सेंगा भाई रोत को जब अंग्रेजी सैनिक ट्रक के पीछे रस्सियों से बांधकर घसीटते हुए ले जा रहे थे, तब 13 वर्षीय काली बाई ने अपनी जान की परवाह किए बिना हंसिए से रस्सी काट दी। इस साहसिक कृत्य के कारण अंग्रेजी सैनिकों ने उन्हें गोलियों से भून दिया। उन्होंने कहा कि अभाविप काली बाई के त्याग, बलिदान और गुरु-शिष्य परंपरा के आदर्श को समाज के समक्ष लाने का कार्य कर रही है। पिछले दो वर्षों में काली बाई भील प्रतिभा सम्मान समारोह के माध्यम से प्रदेशभर में हजारों विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया है।

उन्होंने आगे बताया कि अभाविप विद्यार्थियों के बढ़ते स्क्रीन टाइम को कम करने के उद्देश्य से ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’, ‘नो मोबाइल आवर’ और ‘आनंदमय सार्थक छात्र जीवन’ जैसे अभियानों का संचालन कर रही है। साथ ही 15 से 15 मार्च के मध्य देशभर में छात्रावास सर्वेक्षण अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत महानगर अध्यक्ष यतीन्द्र शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुई। समारोह में प्रांत सह मंत्री चेतना पांचाल, विभाग संयोजक पुलकित गहलोत, प्रांत मीडिया संयोजक निखिल सिंह, फार्मा विजन संयोजक अक्षरा खंडेलवाल, खेलो भारत सह संयोजक सुमित नागर, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य जयेश शर्मा, दिव्यांशी मुराडिया सहित अनेक कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में महानगर मंत्री द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में कुल 200 प्रतिभागियों को सम्मानित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!