Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 10 फरवरी।
कोटा ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन ‘क्रिमिनल डस्टिंग’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए समाज में दहशत फैलाने, फायरिंग करने और सोशल मीडिया पर स्वयं को “किंग ऑफ कोटा” व 0032 गैंग का सदस्य बताने वाले कुख्यात अपराधियों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधी कोटा ग्रामीण एवं बारां जिलों में हुई फायरिंग की घटनाओं के बाद से लगातार फरार चल रहे थे तथा मध्यप्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तरप्रदेश सहित कोटा शहर, बूंदी और बारां जिलों में छिपते फिर रहे थे। ये अपराधी खुलेआम धमकी देना, तोड़फोड़ करना और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे हैं।

घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 08.01.2026 को थाना कैथून क्षेत्र में आवासीय कॉलोनी स्थल पर फरियादी के पुत्र पर जानलेवा फायरिंग की गई। इससे पूर्व भी दिनांक 10.12.2025 को आरोपियों द्वारा फरियादी के घर पर हमला कर गेट एवं मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की गई थी। इस संबंध में थाना कैथून में प्रकरण संख्या 11/2026 अंतर्गत बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
विशेष टीम का गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के सुपरवीजन तथा वृत्ताधिकारी कोटा ग्रामीण के मार्गदर्शन में थाना कैथून एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीमें गठित की गईं।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी
तकनीकी अनुसंधान एवं मुखबिर सूचना के आधार पर शेरगढ़ किला क्षेत्र (जिला बारां) के पास झाड़ियों में दबिश देकर फरार अपराधियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान भागने के प्रयास में झाड़ियों में गिरने से आरोपियों को मामूली चोटें आईं।
आरोपियों के कब्जे से:
- 02 पिस्टल
- 02 जिंदा कारतूस
- 01 चाकू
- RJ20CG1075 नंबर की कार
बरामद की गई।
फायरिंग का मास्टरमाइंड
पूछताछ में खुलासा हुआ कि इस फायरिंग की साजिश शकील मेवाती द्वारा रची गई थी, जिसने फरियादी की हत्या की सुपारी 3 लाख रुपये में दी थी, जिसमें से 20 हजार रुपये अग्रिम दिए जा चुके थे। मास्टरमाइंड की तलाश जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- समीर उर्फ गंजा पुत्र मोहम्मद खालीक हुसैन, उम्र 23 वर्ष, निवासी बडोद, हाल सकतपुरा, कोटा
- आफाक हुसैन उर्फ आशिक हुसैन पुत्र अब्दुल कुददस, उम्र 22 वर्ष, निवासी सकतपुरा, कोटा
- शाहिल हुसैन पुत्र हकीम मोहम्मद, उम्र 22 वर्ष, निवासी तालेड़ा, जिला बूंदी
- अजरूद्धीन चौहान पुत्र सफीक मोहम्मद, उम्र 26 वर्ष, निवासी बोरखेड़ा, कोटा
