Written by : प्रमुख संवाद
कोटा/ सिमलिया, 15 फरवरी।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने रविवार को चार चोमा में हाड़ौती अंचल के प्राचीन एवं आस्था के केंद्र श्री चौमेश्वर महादेव मंदिर पर प्रतिवर्ष लगने वाले प्रसिद्ध सोरती मेले का शुभारंभ विधिवत पूजा कर शुभारम्भ किया। उन्होंने प्राचीन मंदिर में पूजन कर आशीर्वाद लिया। मेला समिति अध्यक्ष उछमा मीणा ने बताया कि मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के साथ भाजपा कोटा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर एवं प्रधान कृष्णा शर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले के शुभारंभ की घोषणा की। इस दौरान चौमेश्वर महादेव के जयकारे गूंज उठे।

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि चौमेश्वर महादेव का यह मंदिर हमारी श्रद्धा का अटूट स्तंभ है। चौमा मालियान की इस पावन धरा पर ‘सोरती मेला’ हमारी उस समृद्ध विरासत का प्रतीक है, जहाँ भक्ति और शक्ति का अद्भुत मेल होता है। यह मेला दुकानदारी और मनोरंजन का केंद्र होने के साथ ही हमारे आस-पास के दर्जनों गांवों के आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे का महोत्सव है। महादेव के आशीर्वाद से ही आज हमारे क्षेत्र में खुशहाली और संपन्नता है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि आने वाले समय में इस क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवाए जाएंगे। जिससे चार चोमा और अधिक समृद्ध एवं विकसित बनेगा।


जिला अध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि वर्तमान सरकार धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण हेतु प्रतिबद्ध है। मंदिर परिसर में लाखों रुपए के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ मिल रही हैं। उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि कृष्णा शर्मा, भाजपा मंडल प्रतिनिधि हंसराज नागर, मनोज तिवारी, आनंदीलाल मालव, पन्नालाल मालव, हीरालाल सुमन, मनोज मीणा, दिनेश सुमन, जितेन्द्र मीणा, कुंजबिहारी मीणा, गोविंद प्रजापत, कालूलाल मीणा एवं मोहनलाल मालव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
11 दिन चलेगा सोरती मेला, होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेला संयोजक भीमराज मीणा ने बताया कि प्राचीन चौमेश्वर मंदिर दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मान्यता है कि यहाँ सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना पूर्ण होती है। 11 दिवसीय मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। परंपरागत मेले में दूर दराज से दुकानदार व्यापारी पहुंचे हैं। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा चौमेश्वर महादेव के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएँ पूर्ण होने की प्रार्थना की। मुख्य अतिथि का दुपट्टा ओढ़ाकर व माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया गया।
