Written by : Sanjay kumar
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की अध्यक्षता में होगा आयोजन, 29 स्वर्ण पदक और 34 पीएचडी उपाधियों का होगा वितरण
कोटा, 9 मार्च 2026।
राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा का 15वां दीक्षांत समारोह 11 मार्च 2026 को नयापुरा स्थित State Institute of Agricultural Management (SIAM) सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ बागडे करेंगे। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि CSIR–Central Electronics Engineering Research Institute (सीईईआरआई), पिलानी के निदेशक डॉ. पी. सी. पंचारिया सम्माननीय अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे।
दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के 9237 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इनमें बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (बीटेक) की 7319, बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बीआर्क) की 65, मास्टर ऑफ आर्किटेक्चर (एमआर्क) की 1, मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एमटेक) की 643, मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की 905, मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) की 270 तथा 34 पीएचडी उपाधियाँ शामिल हैं। कुल उपाधि प्राप्त करने वालों में 7022 छात्र और 2215 छात्राएँ सम्मिलित हैं।
कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने बताया कि समारोह में कुलाधिपति स्वर्ण पदक आर्या कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, जयपुर की एमबीए छात्रा निकिता जैन को प्रदान किया जाएगा, जबकि कुलपति स्वर्ण पदक उसी संस्थान के बीटेक छात्र विष्णु मीणा को दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 27 अन्य विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इस प्रकार कुल 29 स्वर्ण पदकों का वितरण किया जाएगा, जिनमें 12 छात्र और 17 छात्राएँ शामिल हैं।
समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के 34 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियाँ भी प्रदान की जाएंगी। इनमें अभियांत्रिकी संकाय के 24, प्रबंधन संकाय के 6 तथा कंप्यूटर एप्लीकेशन संकाय के 4 शोधार्थी शामिल हैं। कुल पीएचडी प्राप्तकर्ताओं में 22 छात्र और 12 छात्राएँ सम्मिलित हैं।
प्रो. निमित चौधरी ने कहा कि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अकादमिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने वाला अग्रणी संस्थान बन चुका है। विश्वविद्यालय उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण, शोध और उद्योगोन्मुखी पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहा है। साथ ही नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और शोध के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय प्रबंधन मंडल एवं विद्या परिषद के सदस्य, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, राजभवन के अधिकारी, विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष, संबद्ध महाविद्यालयों के चेयरमैन, निदेशक व प्राचार्य, संकाय सदस्य, शिक्षाविद, विद्यार्थी, उनके अभिभावक, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी के साथ विश्वविद्यालय की कुलसचिव भावना शर्मा, दीक्षांत समारोह के समन्वयक प्रो. विवेक पांडेय, प्रो. दिनेश बिरला, प्रो. ए. के. चतुर्वेदी तथा जनसंपर्क अधिकारी डॉ. हरीश शर्मा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों को दीक्षांत समारोह की तैयारियों और विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
