Written by : Sanjay kumar
जयपुर, 13 मार्च।
राजस्थान में पत्रकारों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के समक्ष विस्तृत ज्ञापन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जार के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए पत्रकार कल्याण से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा।
जार के प्रदेशाध्यक्ष संजय सैनी के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा पत्रकारों के हित में की गई घोषणाएं स्वागत योग्य हैं। साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के लिए आवासीय योजनाओं से जुड़े लंबे समय से लंबित प्रकरणों के शीघ्र समाधान की आवश्यकता भी बताई।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि राजस्थान आवासन मंडल, विकास प्राधिकरण तथा अन्य एजेंसियों द्वारा संचालित पत्रकार आवासीय योजनाओं में पत्रकारों के लिए आरक्षित भूखंडों के आवंटन से जुड़े कई मामले वर्षों से न्यायालयों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में लंबित हैं। विशेष रूप से जयपुर की नारायण योजना (2010) सहित अन्य योजनाओं में आवंटन प्रक्रिया से जुड़े विवादों के कारण पात्र पत्रकार अब तक आवास सुविधा से वंचित हैं।
पत्रकार संगठनों ने बताया कि वर्ष 2013 में निकाली गई लॉटरी प्रक्रिया तथा उसके बाद न्यायालय में चली कार्यवाही के चलते यह मामला लंबे समय से अटका हुआ है। वर्ष 2023 में पूर्व सरकार द्वारा गठित कैबिनेट सब-कमेटी ने भी इस मामले में पुराने आवेदनों और लॉटरी प्रक्रिया को निरस्त कर नई प्रक्रिया से आवेदन आमंत्रित करने की सिफारिश की थी। इसी आधार पर नए आवेदन लेने और नई लॉटरी प्रक्रिया शुरू करने का प्रयास किया गया, जिस पर न्यायालय में पुनः याचिकाएं दायर हो गईं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस लंबित प्रकरण के कारण राज्यभर के अनेक पात्र पत्रकार आवासीय सुविधा से वंचित रह गए हैं, जबकि कई पुराने आवेदकों की परिस्थितियां भी बदल चुकी हैं। इसलिए पत्रकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप जल्द से जल्द कोई व्यवहारिक समाधान निकालना आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इनमें डिजिटल नीति के तहत वेब पोर्टलों को विज्ञापन उपलब्ध कराने, लघु एवं मध्यम समाचार पत्रों को नियमित सरकारी विज्ञापन देने तथा पत्रकारों के सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को मजबूत करने की मांग शामिल रही।
इस अवसर पर प्रदेशभर के विभिन्न पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधि, प्रेस क्लब पदाधिकारी तथा वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। जार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश चपलोत, अशोक श्रीमाल, मणिमाला शर्मा, जगदीश शर्मा, जयपुर शहर अध्यक्ष लेशिष जैन तथा जयपुर ग्रामीण अध्यक्ष सुरेश शर्मा सहित अनेक पत्रकारों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और पत्रकार हितों से जुड़ी घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
पत्रकार प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों को प्राथमिकता देते हुए आवासीय योजनाओं के लंबित मामलों का शीघ्र समाधान कर पात्र पत्रकारों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करेगी।
