IPL में महाडील: 15,660 करोड़ में राजस्थान रॉयल्स पर ‘स्टील सम्राट’ का कब्जा

Written by : Sanjay kumar


जयपुर, 3 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में एक और बड़ी कारोबारी हलचल सामने आई है, जहां स्टील उद्योग के दिग्गज लक्ष्मी मित्तल ने राजस्थान रॉयल्स फ्रेंचाइजी के अधिग्रहण का ऐलान कर दिया है। यह सौदा करीब 1.65 अरब डॉलर (लगभग 15,660 करोड़ रुपये) में तय हुआ है, जिसने क्रिकेट और कॉर्पोरेट जगत दोनों में सनसनी फैला दी है।

इस हाई-प्रोफाइल डील में अदार पूनावाला और मौजूदा मालिक मनोज बदाले भी कंसोर्टियम का हिस्सा हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस समझौते के तहत मित्तल परिवार करीब 75 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने पास रखेगा, जबकि पूनावाला के पास 18 प्रतिशत और शेष 7 प्रतिशत हिस्सेदारी मौजूदा निवेशकों के पास बनी रहेगी।

आईपीएल के गलियारों में इस सौदे ने सभी को चौंका दिया है, क्योंकि इससे पहले अमेरिकी कारोबारी काल सोमानी के नेतृत्व वाले समूह को संभावित खरीदार माना जा रहा था। लेकिन आखिरी दौर में बाजी मित्तल समूह ने मार ली।

वर्तमान समय में आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स शानदार प्रदर्शन कर रही है और प्लेऑफ की ओर मजबूती से बढ़ रही है। टीम के युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं।

इस अधिग्रहण में फ्रेंचाइजी के अंतरराष्ट्रीय विस्तार को भी शामिल किया गया है, जिसमें साउथ अफ्रीका की पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन की बारबाडोस रॉयल्स टीम भी आती हैं। हालांकि, यह सौदा अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, CCI और IPL गवर्निंग काउंसिल की मंजूरी के बाद ही पूरी तरह प्रभावी होगा, जिसकी संभावना 2026 की तीसरी तिमाही तक जताई जा रही है।

लक्ष्मी मित्तल का राजस्थान से गहरा जुड़ाव भी इस डील को खास बनाता है। उनका जन्म राज्य के सादुलपुर गांव में हुआ था, जिससे यह अधिग्रहण उनके लिए केवल व्यवसायिक नहीं बल्कि भावनात्मक महत्व भी रखता है।

अपने बयान में मित्तल ने कहा कि राजस्थान से उनका पारिवारिक रिश्ता रहा है और इसी वजह से राजस्थान रॉयल्स से जुड़ना उनके लिए विशेष मायने रखता है। उन्होंने क्रिकेट के प्रति अपने पुराने लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि वह इस टीम का हिस्सा बनकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और आने वाले समय में टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

इस बड़े निवेश के साथ राजस्थान रॉयल्स में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है, जहां मजबूत नेतृत्व, वैश्विक अनुभव और विशाल संसाधनों के दम पर टीम भविष्य में और अधिक सफलताओं की ओर बढ़ सकती है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!