Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 3 मई 2026। राइजिंग राजस्थान पहल के तहत राज्य सरकार के साथ एमओयू करने वाले निवेशकों के लिए रीको इकाई कोटा द्वारा औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स भूखंडों के प्रत्यक्ष आवंटन का दसवाँ चरण 1 मई 2026 से शुरू कर दिया गया है। अमानत राशि जमा कराने की अंतिम तिथि 14 मई 2026, सायं 6 बजे तक रखी गई है। एमओयू निष्पादित निवेशक रीको की वेबसाइट www.riico.co.in अथवा www.riico.rajasthan.gov.in या एसएसओ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
रीको के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक, कोटा वी.के. विजय ने बताया कि इस चरण में कोटा, बूंदी एवं बारां जिले के अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में 449 औद्योगिक भूखंड और 4 लॉजिस्टिक्स भूखंड उपलब्ध हैं। योजना के अंतर्गत किसी भूखंड के लिए एकमात्र आवेदन प्राप्त होने पर सीधा आवंटन किया जाएगा, जबकि एकाधिक आवेदन की स्थिति में 19 मई 2026 को ई-लॉटरी के माध्यम से आवंटन किया जाएगा।
वी.के. विजय ने बताया कि कोटा जिले में बपावर में 82, गुन्दी फतेहपुर में 10, स्टोन पार्क गुन्दी फतेहपुर में 61, वेस्ट रिसाइक्लिंग पार्क गुन्दी फतेहपुर में 46 एवं टॉय पार्क रानपुर में 14 औद्योगिक भूखंड उपलब्ध हैं। बूंदी जिले के औद्योगिक क्षेत्र कछालिया में 19, तालाबगाँव में 99 एवं श्रीराम जानकी नैनवाँ में 50 औद्योगिक भूखंड उपलब्ध हैं। बारां जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीपलखेड़ी में 67 औद्योगिक भूखंड और 4 लॉजिस्टिक्स भूखंड तथा औद्योगिक क्षेत्र गुवाड़ी मझारी में 1 औद्योगिक भूखंड उपलब्ध है।
औद्योगिक क्षेत्र गुन्दी फतेहपुर, गुवाड़ी मझारी एवं टॉय पार्क के भूखंड 99 वर्ष की लीज पर मिलेंगे। आवंटन के लिए 25 प्रतिशत भुगतान के बाद शेष 75 प्रतिशत राशि 8.5 प्रतिशत ब्याज के साथ पाँच वर्षों में 19 त्रैमासिक किस्तों में जमा कराई जा सकेगी।
वहीं, औद्योगिक क्षेत्र स्टोन पार्क गुन्दी फतेहपुर, वेस्ट रिसाइक्लिंग पार्क गुन्दी फतेहपुर, कछालिया, तालाबगाँव, श्रीराम जानकी नैनवाँ एवं पीपलखेड़ी के भूखंड रीको की फ्लेक्सिबल लीज पॉलिसी के तहत 33 वर्ष की लीज पर 60 प्रतिशत रियायती दरों पर उपलब्ध हैं। इनके लिए 25 प्रतिशत भुगतान के बाद शेष 75 प्रतिशत राशि 8.5 प्रतिशत ब्याज के साथ तीन वर्षों में 11 त्रैमासिक किस्तों में जमा कराई जा सकेगी।
