हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष: राजस्थान में ‘गौरव दिवस’ के रूप में मनाएगा जार, हर जिले में होंगे विशेष आयोजन

Written by : Sanjay kumar


जयपुर, 5 मई। हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर को जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) पूरे प्रदेश में “गौरव दिवस” के रूप में मनाएगा। इस अवसर पर राजस्थान के प्रत्येक जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर व्यापक चर्चा होगी।

यह निर्णय मंगलवार को आयोजित जार की प्रदेश स्तरीय बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सैनी एवं प्रदेश महासचिव सुरेश पारीक ने की। बैठक में बताया गया कि 30 मई से 10 जून के बीच सभी जिलों में पत्रकारिता विषयक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा, साथ ही हिन्दी पत्रकारिता के सामने मौजूद चुनौतियों और पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विशेष पुस्तिका का प्रकाशन किया जाएगा, जिसमें इसके इतिहास, उपलब्धियों और समकालीन परिदृश्य का समावेश होगा।

जार के प्रदेश संयोजक एवं एनयूजेआई की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राकेश कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि जुलाई माह में एनयूजेआई का राष्ट्रीय अधिवेशन जयपुर में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसकी तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। इस अधिवेशन में देशभर से पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों पर व्यापक विमर्श हो सके।

उन्होंने सभी जिला इकाइयों से अपील की कि वे इन कार्यक्रमों की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटें और इसे सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकारों—ओम चतुर्वेदी, भूपेंद्र ओझा, शहजाद खान, सैयद मुनव्वर अली, मिश्रीलाल, चंद्रशेखर भाटिया, नानालाल आचार्य, भंवरसिंह कछवाहा, संजय चौबीसा, प्रकाश चपलोत, अकलेश जैन, अनुराग हर्ष, राजेश ओझा, श्याम माथुर, कौशल मूंदड़ा, विवेक वैष्णव, जगदीश शर्मा, रविंद्र सोनी, बृजेश परिड़वाल, दीपक लवानिया आदि ने अपने विचार व्यक्त किए और आयोजन को सफल बनाने के सुझाव दिए।


Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!