Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 5 मई। शहर के वल्लभबाड़ी क्षेत्र के घोसी मोहल्ले में मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे एक तीन मंजिला जर्जर इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि हादसे से ठीक पहले प्लास्टर गिरने के संकेत मिलते ही मौके पर काम कर रहे मजदूर सतर्क होकर बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरम्मत कार्य के दौरान अचानक भवन से प्लास्टर गिरना शुरू हुआ, जिससे मजदूरों को खतरे का अंदेशा हो गया। वे तुरंत बाहर निकल आए और आसपास के लोगों को भी दूर रहने के लिए आगाह किया। इसी दौरान सामने मकान की छत पर मौजूद एक युवक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महज 20 सेकंड के भीतर पूरी इमारत ढह गई।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की बचाव टीम और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अमजद खान के नेतृत्व में टीम ने मलबे का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में किसी के दबे होने या हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य समाप्त कर दिया गया।
नगर निगम के अधीक्षण अभियंता कुलदीप प्रेमी ने बताया कि प्रथम दृष्टया भवन पारंपरिक लोड-बेयरिंग स्ट्रक्चर पर बना हुआ था और इसमें आरसीसी कॉलम का उपयोग नहीं किया गया था। जर्जर स्थिति में होने के कारण मरम्मत कार्य चल रहा था, लेकिन ग्राउंड फ्लोर की दीवारें भवन का भार सहन नहीं कर पाईं और पूरी संरचना ढह गई।
पुलिस उप अधीक्षक योगेश शर्मा ने बताया कि एहतियात के तौर पर डॉग स्क्वॉड की सहायता से भी मलबे की जांच करवाई गई, जिसमें किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर पुराने और जर्जर भवनों की समय पर जांच और मरम्मत की आवश्यकता को उजागर करता है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
