Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 18 मई। प्रदेश में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने कोटा में बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से लगभग 60 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब की भारी खेप बरामद की गई। तस्करों द्वारा शराब को टाट की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था, लेकिन आबकारी टीम की सतर्कता से पूरा खेल उजागर हो गया।

कार्यवाहक जिला आबकारी अधिकारी कोटा विवेक शर्मा ने बताया कि आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध शराब के खिलाफ विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त पॉलिसी प्रदीप सांगावत एवं अतिरिक्त आयुक्त कोटा जोन नरेश कुमार मालव के मार्गदर्शन में लगातार गश्त, नाकाबंदी और दबिश की कार्रवाई जारी है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार को नेशनल हाईवे-52 स्थित नया टोल प्लाजा गोपालपुरा के निकट नाकाबंदी की गई। संदेह होने पर एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें टाट की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। जांच में ट्रक से “राजधानी व्हिस्की फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली” ब्रांड के कुल 1360 कार्टन मिले, जिनमें 65 हजार 280 पव्वे बरामद किए गए। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी बारां देवेन्द्र गिरी के निर्देशन में कार्यवाहक जिला आबकारी अधिकारी कोटा विवेक शर्मा एवं सहायक आबकारी अधिकारी नारायण सिंह तोमर के नेतृत्व में आबकारी टीम द्वारा अंजाम दी गई।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी हनुमानगढ़, उदयपुर और जोधपुर में ट्रकों से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी है, जिससे प्रदेश में सक्रिय शराब तस्करी नेटवर्क की परतें खुल रही हैं।
जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्त संदेश
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध शराब की तस्करी, निर्माण और बिक्री के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
