“एक पेड़ मां के नाम” से हरियाली का संदेश, विधायक संदीप शर्मा ने किया पौधारोपण

Written by : प्रमुख संवाद
कोटा : 11 जून 2026

कोटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने केशवपुरा स्थित लक्ष्मीनारायण पार्क में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर में संवैधानिक बदलावों सहित वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा ऐसे कार्य हैं जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी जनभागीदारी से जोड़ते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान शुरू किया गया है, जो प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

हर व्यक्ति लगाए कम से कम एक पौधा

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। आज लगाया गया पौधा आने वाले वर्षों में केवल छाया और स्वच्छ वायु ही नहीं देगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य विरासत भी बनेगा। उन्होंने कहा कि हमें ऐसी हरी-भरी धरती छोड़कर जाना चाहिए जिस पर भविष्य की पीढ़ियां गर्व कर सकें।

बढ़ती हरियाली से सुरक्षित होगा भविष्य

इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को पौधे वितरित करते हुए विधायक शर्मा ने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बढ़ती आबादी, शहरीकरण और औद्योगिकीकरण के कारण हरित क्षेत्र लगातार कम हुए हैं, जिसके चलते पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ रही हैं। यदि समय रहते पेड़ों और प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित नहीं किया गया तो मानव अस्तित्व के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। वृक्ष ही स्वच्छ वायु, पर्याप्त वर्षा और भूमि संरक्षण के प्रमुख आधार हैं।

अनेक कार्यकर्ताओं ने निभाई सहभागिता

कार्यक्रम में विवेक राजवंशी, मंडल अध्यक्ष दीनू बंजारा, नंद कंवर हाड़ा, संजीव विजय, गोपालराम मंडा, योगेश अहलुवालिया, हेमराज सिंह हाड़ा, पारस खींची, अमित सेन, लक्ष्मी मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!