कोटा विश्वविद्यालय में पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन पाठ्यक्रमों के प्रवेश शुरू, देश-विदेश में करियर के नए अवसर

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 1 जुलाई। पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग में तेजी से बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए कोटा विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं आतिथ्य विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। विभाग का उद्देश्य विद्यार्थियों को वैश्विक पर्यटन उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर उपलब्ध कराना है। इस अवसर नए र्कोसेज के लिए कुलगुरू बी पी सारस्वत को छात्रों अपने शुभकानाएं देते हुए उन्हे पुष्पगुच्छ भेंट किया और कहा कि नए र्कोसेज से छात्रों को नए अवसर प्राप्त होंगे।
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि पर्यटन और आतिथ्य उद्योग आज विश्व के सबसे तेजी से विकसित होते क्षेत्रों में शामिल है, जहां कुशल एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन की निरंतर मांग बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय रोजगारोन्मुखी एवं उद्योग आधारित पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रहा है, ताकि विद्यार्थी बदलती वैश्विक आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। पर्यटन एवं आतिथ्य विभाग द्वारा संचालित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को पर्यटन, ट्रैवल, हॉस्पिटैलिटी, इवेंट मैनेजमेंट, मेडिकल टूरिज्म और एग्रो टूरिज्म जैसे उभरते क्षेत्रों में उत्कृष्ट करियर बनाने का अवसर प्रदान करेंगे।
विभागाध्यक्ष डॉ. अनुकृति शर्मा ने बताया कि विभाग में तीन वर्षीय बैचलर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट (BTTM) में 30 तथा दो वर्षीय मास्टर ऑफ टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट (MTTM) में 20 सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा इन एग्रो टूरिज्म, पीजी डिप्लोमा इन मेडिकल टूरिज्म तथा पीजी डिप्लोमा इन इवेंट मैनेजमेंट जैसे विशेषीकृत पाठ्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रत्येक में 10-10 सीटें उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि एग्रो टूरिज्म पाठ्यक्रम ग्रामीण पर्यटन और कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, जबकि मेडिकल टूरिज्म पाठ्यक्रम स्वास्थ्य सेवाओं और पर्यटन प्रबंधन के समन्वय से उभरते रोजगार क्षेत्रों के लिए विद्यार्थियों को तैयार करता है। वहीं इवेंट मैनेजमेंट पाठ्यक्रम कॉर्पोरेट कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों, विवाह समारोहों और बड़े आयोजनों के सफल संचालन की व्यावसायिक दक्षता विकसित करता है।
प्रो. शर्मा ने कहा कि विभाग में विद्यार्थियों को आधुनिक पाठ्यक्रम के साथ इंडस्ट्री ओरिएंटेड प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, फील्ड विजिट, इंटर्नशिप, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों में सहभागिता तथा देश-विदेश के शैक्षणिक भ्रमण के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके साथ ही प्रतिष्ठित पर्यटन, होटल एवं हॉस्पिटैलिटी संस्थानों में प्लेसमेंट और करियर मार्गदर्शन की सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!