रोटरी क्लब कोटा का जनसेवा संकल्प: रक्त जागृति से दिव्यांग सहायता तक कई बड़े अभियान शुरू

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 1 जुलाई।

नए सत्र का शुभारंभ, जनसेवा का नया संकल्प

समाज सेवा की 67 वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब कोटा ने वर्ष 2026-27 के नए सत्र का विधिवत पूजन एवं पौधारोपण के साथ शुभारंभ किया। नवनियुक्त अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची और सचिव मुकेश चौधरी ने नई कार्यकारिणी के साथ पदभार ग्रहण करते हुए वर्षभर समाजहित में व्यापक जनसेवा अभियान चलाने का संकल्प व्यक्त किया। क्लब पदाधिकारियों ने मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण और दिव्यांग कल्याण को इस वर्ष की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया।

स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार

अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खींची ने बताया कि क्लब की स्थायी सेवा परियोजनाएं पूर्ववत संचालित रहेंगी। जेके लोन अस्पताल के एनआईसीयू-पीआईसीयू वार्ड, न्यू मेडिकल कॉलेज के फिजियोथेरेपी सेंटर तथा देवनारायण रोटरी पब्लिक स्कूल के माध्यम से समाज को निरंतर सेवाएं दी जाती रहेंगी। गोबरिया बावड़ी स्थित मानव सेवा हॉस्पिटल में क्लब द्वारा स्थापित छह डायलिसिस मशीनों से जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क डायलिसिस सुविधा भी पूर्व की तरह उपलब्ध रहेगी।

शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस

निवर्तमान अध्यक्ष मनोज सोनी ने बताया कि देवनारायण रोटरी पब्लिक स्कूल में न्यूनतम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। विद्यालय को कक्षा 10 तक क्रमोन्नत करने के लिए केडीए के सहयोग से अतिरिक्त भवन निर्माण तथा विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

रक्त जागृति अभियान बनेगा वर्ष का प्रमुख मिशन

सचिव मुकेश चौधरी ने बताया कि वर्ष 2026-27 का सबसे बड़ा अभियान “रक्त जागृति अभियान” होगा। इसके तहत नियमित रक्तदान शिविरों के साथ युवाओं एवं आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्लब का उद्देश्य अधिकाधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं को जोड़कर जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना है।

सरकारी विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

क्लब के प्रवक्ता संजय गोयल ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में विशेष अभियान चलाकर विद्यार्थियों को फास्ट फूड एवं जंक फूड से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही शुगर एवं नेत्र जांच शिविर, नेत्रदान और अंगदान विषयक कार्यशालाएं आयोजित होंगी। बालिकाओं की सुविधा के लिए विद्यालयों में सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने, शौचालय निर्माण तथा वाटर कूलर लगाने जैसी योजनाओं पर भी कार्य किया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा

कोषाध्यक्ष घनश्याम मूंदड़ा ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों के पूर्ण विकास तक उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण के तहत सिलाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों की क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 महिलाओं तक की जाएगी। साथ ही प्रत्येक माह कैंसर जागरूकता, स्त्री रोग परामर्श, गर्भ संस्कार एवं स्वास्थ्य विषयक विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

10 हजार दिव्यांगों को मिलेगा निःशुल्क सहारा

सार्जेंट अनुपम शर्मा ने बताया कि “संबल-3” अभियान के तहत हाड़ौती क्षेत्र के गांवों और ढाणियों तक पहुंचकर विशाल दिव्यांग सहायता महाशिविर का आयोजन किया जाएगा। अभियान का लक्ष्य 10 हजार दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार जयपुर फुट, कृत्रिम हाथ-पैर, कैलिपर्स, बैसाखी, व्हीलचेयर, ट्राई-साइकिल तथा श्रवण यंत्र पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही बड़े स्तर पर चिकित्सा शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

रक्त जांच सुविधाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग का प्रयास

क्लब ट्रेनर मुकेश व्यास ने बताया कि रोटरी क्लब कोटा, रोटरी इंटरनेशनल से 40 से 50 लाख रुपये की ग्रांट प्राप्त करने का प्रयास कर रहा है। इस सहायता से कोटा ब्लड बैंक सोसाइटी में अत्याधुनिक इलेक्ट्रोफेरेसिस उपकरण, स्वचालित एलिसा रीडर मशीन तथा उच्च क्षमता का रक्त संग्रहण शीतक (कोल्ड स्टोरेज) स्थापित किया जाएगा। इससे रक्त की आनुवंशिक बीमारियों की प्रारंभिक जांच अधिक प्रभावी होगी तथा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों सहित जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था और सुदृढ़ हो सकेगी।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!