हाईटेंशन लाइन हादसा: राखी गौतम ने पीड़ित परिवार को न्याय व मुआवजे की करी मांग

Written by : प्रमुख संवाद

कोटा, 5 जुलाई। अनंतपुरा क्षेत्र की बरड़ा बस्ती में हाईटेंशन विद्युत लाइन गिरने से एक महिला की दर्दनाक मृत्यु की सूचना मिलते ही शहर जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष राखी गौतम घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं जिला प्रशासन से विस्तृत जानकारी ली तथा हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

राखी गौतम ने कहा कि इस तरह की घटनाएं गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम हैं। उन्होंने मांग की कि हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतका के परिजनों को सरकार की ओर से शीघ्र एवं सम्मानजनक आर्थिक सहायता तथा उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।

इसके बाद राखी गौतम कोटा मेडिकल अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए वे हर स्तर पर प्रयास करेंगी और सरकार से उचित मुआवजा दिलाने की मांग लगातार उठाती रहेंगी।

राखी गौतम ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से शहरभर में लटके हुए बिजली के तारों तथा जर्जर विद्युत लाइनों का विशेष अभियान चलाकर सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जहां-जहां बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त या खतरनाक स्थिति में हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!