Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 5 जुलाई। शहर की बरड़ा बस्ती में 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन का इंसुलेटर टूटने से हुए हादसे के बाद कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा नवीन मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंचे और उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से सभी घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उपचार की प्रगति की समीक्षा की।
बेहतर उपचार के दिए निर्देश
विधायक संदीप शर्मा ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का त्वरित, समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर सभी जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
विधायक शर्मा ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
उन्होंने ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह करते हुए कहा कि दुर्घटना के कारणों की गहन पड़ताल की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विद्युत लाइनों का नियमित निरीक्षण, समयबद्ध रखरखाव तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
मृतका के परिजनों को मुआवजा देने की मांग
विधायक संदीप शर्मा ने हादसे में जान गंवाने वाली महिला के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से मृतका के परिजनों को शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग भी की।
ये रहे मौजूद
इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष कीर्तिकांत गोयल, संजय निझावन, मंडल अध्यक्ष पन्नालाल बंजारा, कमलकांत शर्मा, गिरिराज शर्मा, विष्णु शर्मा, रमेश राठौर, सुरेश सुवालका, उमंग चतुर्वेदी, विनोद मराठा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
