Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 22 जुलाई। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू) के थॉट एंड इनोवेशन सेंटर (थॉट लैब) में “कॉग्निटिव साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं ह्यूमन ऑग्मेंटेशन : इंडस्ट्री 4.0+ के लिए भविष्य उन्मुख कौशल” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने थॉट लैब की वेबसाइट का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. निमित चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय थॉट लैब को भविष्य में और विकसित करते हुए नवाचार एवं भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने की दिशा में कार्य करेगा। रजिस्ट्रार भावना शर्मा, डीन प्रो. दिनेश बिरला, राजयोगिनी बीके उर्मिला दीदी तथा प्रो. लता गिडवानी ने विज्ञान, मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान और अध्यात्म के समन्वय पर अपने विचार रखे।
मुख्य वक्ता पूर्व डीआरडीओ वैज्ञानिक प्रो. (डॉ.) सुशील चन्द्र ने कॉग्निटिव साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ह्यूमन ऑग्मेंटेशन और आत्मचेतना पर व्याख्यान देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ मानवीय चेतना और मूल्य आधारित सोच का विकास भी आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने शोध अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान मानसिक स्वास्थ्य, भविष्य उन्मुख कौशल विकास तथा विज्ञान और चेतना के समन्वय से जुड़े विभिन्न आयामों पर भी चर्चा की गई।
