तीन मंजिला जूते के शोरूम में भीषण आग, जनहानि नहीं, बड़ा हादसा टला

Written by : Sanjay kumar

कोटा:25 जुलाई। शहर के एरोड्रम सर्किल स्थित घोड़े वाले बाबा चौराहे के पास एक तीन मंजिला जूते के शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। प्राथमिक जांच के अनुसार आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। लपटों ने देखते ही देखते पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल विभाग की मुस्तैदी से कोई जनहानि नहीं हुई।


पहली मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
कोटा नगर निगम के फायर अनुभाग के उपायुक्त राकेश व्यास और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत शोरूम की पहली मंजिल से हुई। शोरूम के कर्मचारियों ने शुरुआती स्तर पर अग्निशामक सिलेंडर (Fire Extinguisher) से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन जूतों व रबर-चमड़े के ज्वलनशील सामान के कारण लपटें तेजी से फैल गईं और पूरी इमारत धुएं व आग की लपटों से घिर गई।

छत के रास्ते रेस्क्यू: ऊपरी मंजिल पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला
घटना के वक्त इमारत की ऊपरी मंजिल पर एक परिवार और कुछ किराएदार मौजूद थे। नीचे उतरने का रास्ता आग और धुएं से बंद होने के कारण लोग मदद के लिए पुकारने लगे। इस दौरान आसपास के लोगों ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए फंसे हुए सभी लोगों को छत के रास्ते पड़ोसी इमारत में पहुंचाया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से एक बड़ा हादसा टल गया।

14 दमकलों ने 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही कोटा नगर निगम की 12 दमकलें और थर्मल पावर प्लांट की 2 दमकलें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के लिहाज से सबसे पहले बिजली का कनेक्शन काटा गया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पाया।

यातायात डायवर्ट और एहतियाती कदम
आसपास घना बाजार और बैंक होने के कारण क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पड़ोसी दुकानदारों ने सुरक्षा के तहत अपनी दुकानें बंद कर सामान और वाहन सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किए। स्थिति को संभालते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया; सीएडी (CAD) सर्किल से आने वाले चार पहिया और बड़े वाहनों को गुमानपुरा की ओर डायवर्ट किया गया, जबकि दोपहिया वाहनों को एरोड्रम मार्ग से निकाला गया।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और अग्निशमन विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Pramukh Samvad

ताजा खबरों को देखने के लिए प्रमुख संवाद से जुड़े

https://www.pramukhsamvad.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!