Written by : प्रमुख संवाद
कोटा, 2 अगस्त। शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और समाजसेवा को नई दिशा देने के संकल्प के साथ कोटा सिटी राउंड टेबल-358 की वार्षिक आम सभा एवं नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। समारोह में कॉलर एक्सचेंज की परंपरा के साथ नई टीम ने दायित्व ग्रहण किए तथा आगामी वर्ष के लिए कई महत्वाकांक्षी सामाजिक प्रकल्पों की घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान चेयरमैन उत्सव बाबेल द्वारा वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने से हुई। इसके बाद एरिया ऑब्जर्वर टेबलर करण पांड्या की उपस्थिति में कॉलर एक्सचेंज के साथ रोहित जैन ने चेयरमैन, रमन भाटिया ने सचिव, नमन बंसल ने वाइस चेयरमैन तथा अर्शिन जिंदल ने कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। लव कुमार अग्रवाल को वर्ष 2026-27 के लिए संस्था का मेंटर नियुक्त किया गया। इनके अलावा 14 अन्य सदस्यों ने भी विभिन्न दायित्व संभाले। कुल 18 पदाधिकारियों ने शपथ लेकर नई कार्यकारिणी का गठन किया।
नवनियुक्त चेयरमैन रोहित जैन ने बताया कि संस्था इस वर्ष जरूरतमंद विद्यालयों में नए कक्षा-कक्षों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। पर्यावरण संरक्षण के तहत एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। इसके अलावा स्टेशनरी वितरण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर तथा विभिन्न जनसेवा गतिविधियां पूरे वर्ष संचालित की जाएंगी।
सचिव रमन भाटिया ने बताया कि साथ ही, इस वर्ष पहली बार ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ पहल की शुरुआत की जा रही है। इस अभिनव पहल के तहत सरकारी विद्यालयों के 15 मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहली बार हवाई यात्रा का अनूठा अनुभव कराया जाएगा।
